CBI Raid Balasore: ओडिशा के बालासोर से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने CGST कार्यालय में छापा मारकर एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार (CGST Officer Arrested) किया है। आरोपी की पहचान ओम प्रकाश नायक के रूप में हुई है, जो CGST विभाग में सुपरिटेंडेंट के पद पर तैनात था। जानकारी के अनुसार, एक कारोबारी का करीब 16 लाख रुपये का GST रिफंड काफी समय से अटका हुआ था। आरोप है कि इस रिफंड को मंजूरी देने के बदले अधिकारी ने कारोबारी से 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी। कारोबारी ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत सीधे CBI से कर दी।
27 सदस्यीय CBI टीम ने बालासोर स्थित CGST कार्यालय में की छापेमारी
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष योजना बनाई। शुक्रवार रात करीब 27 सदस्यीय CBI टीम ने बालासोर स्थित CGST कार्यालय में छापेमारी की। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर अधिकारी के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ओम प्रकाश नायक ने 50 हजार रुपये लिए, CBI की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद CGST विभाग में हड़कंप मच गया है। CBI अब यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल था या नहीं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। CBI की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी करने वालों को सख्त संदेश मिला है।
