देहरादून शहर के बीचोंबीच बुधवार को दिनदहाड़े एक प्रमुख गैस एजेंसी के मालिक की स्कूटी सवार दो बदमाशों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। दस दिन के भीतर शहर में हत्या की यह दूसरी वारदात है।
टेनिस खेलकर निकल रहे थे कि मार दी गई गोली
देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तिब्बती मार्केट में बने मंदिर के बाहर सुबह करीब साढ़े 10 बजे यह घटना उस समय हुई जब बसंत विहार क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी अर्जुन शर्मा (42) रोज की तरह टेनिस खेलकर स्टेडियम से बाहर आने के बाद घर जाने के लिए कार में बैठने वाले थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। इसके तुरंत बाद अर्जुन शर्मा को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। अर्जुन शर्मा, अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक थे।
मां ने मृतक से जान का खतरा बताते हुए मांगी थी सुरक्षा
प्रमोद कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि अर्जुन शर्मा के परिवार में विवाद था और इसी कारण उनकी मां ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय से यह हवाला देते हुए सुरक्षा हासिल की थी कि उन्हें अपने बेटे से जान का खतरा है।
मृतक की पत्नी ने सास समेत चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मामला
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने तत्काल अलग-अलग टीम का गठन किया है और पूरे जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच, मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा सहित चार लोगों पर अपने पति की हत्या का शक जताते हुए पुलिस को एक तहरीर सौंपी है जिसके आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तहरीर में अभिलाषा ने कहा है कि उनकी सास का विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल तथा एसके मैमोरियल अस्पताल के मालिक डॉ अजय खन्ना के साथ पैसों का लेन-देन होता था जिसका उनके पति अर्जुन शर्मा विरोध करते थे और इसी बात को लेकर उनका अपनी मां से विवाद था। तहरीर में अभिलाषा ने इसी विवाद के कारण इन व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या करवाए जाने का शक जताया है।पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
10 दिनों में दूसरी हत्या
सिर्फ 10 दिन के अंतराल में देहरादून शहर में यह दूसरी हत्या है। इससे पहले, दो फरवरी को मच्छी बाजार में एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार से गला रेतकर 22 वर्षीय युवती की हत्या कर दी थी।
