Delhi Metro Early Start Sunday BRICS Summit: दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर यातायात प्रतिबंधों के बीच परीक्षा में बैठने वाले छात्रों और यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए रविवार को सभी मार्गों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह छह बजे शुरू होंगी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सामान्यतः पिंक, मजेंटा और ग्रे लाइन पर रविवार को मेट्रो सेवाएं सुबह सात बजे शुरू होती हैं। डीएमआरसी ने सोशल मीडिया मंच X पर एक पोस्ट में कहा, 'ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण यातायात प्रतिबंधों के बीच परीक्षा में बैठने वाले छात्रों और आम जनता की सुचारू एवं समय पर आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए रविवार को सभी मार्गों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं सुबह छह बजे शुरू होंगी।'
'आम जनता को सुगम और समयबद्ध यात्रा करने में मदद मिलेगी'
पोस्ट में कहा गया है कि रविवार को मेट्रो सेवाएं जल्दी शुरू होने से परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के साथ-साथ आम जनता को सुगम और समयबद्ध यात्रा करने में मदद मिलेगी। इसमें कहा गया है कि सम्मेलन के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए छात्रों और अन्य यात्रियों को उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ब्रिक्स सम्मेलन
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार से शुरू हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और दिल्ली पुलिस के 15,000 जवानों तथा अर्ध सैनिक बलों की 200 कंपनी तैनात की गई हैं। दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार से 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
दिल्ली यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिखर सम्मेलन के मद्देनजर पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी लेकिन अति गणमान्य व्यक्तियों (वीवीआईपी) के काफिलों की आवाजाही के दौरान कुछ मार्गों पर अस्थायी रूप से वाहनों को रोका जा सकता है, मार्ग परिवर्तित किया जा सकता है और कुछ रास्तों पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार जहां सुरक्षा व्यवस्था अनुमति देगी, वहां यातायात सामान्य रूप से जारी रहेगा। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के काफिले के गुजरने के दौरान आम वाहनों पर लगने वाली रोक की कोई निश्चित अवधि नहीं होगी। सुरक्षा स्थिति और परिस्थितियों के आधार पर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि व्यवस्था इस तरह की गई है कि विदेशी मेहमानों की कड़ी से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था हो और आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
