उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक जिला अदालत के जज को दो कैदियों ने भरी अदालत में खुली धमकी दे डाली। दरअसल कैदियों को जज ने जैसे ही उम्रकैद की सजा सुनाई, दोनों भड़क गए और उन्हें देख लेने की धमकी दे डाला। इसके बाद अदालत में मौजूद हर लोग हैरान रह गए। घटना के बाद न्यायाधीश की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कार कुचलकर की थी हत्या
मामला थाना कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित जिला कोर्ट का है। डेढ़ वर्ष पहले कार से कुचलकर की गई एक निर्मम हत्या के मामले में चतुर्थ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (HJS) जिनेंद्र कुमार की अदालत ने अभियुक्त जयदीप और पिंटू चौहान को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। दोनों आरोपी इस समय जिला कारागार में बंद थे और सुनवाई के लिए पेश किए गए थे।
कैदियों ने जज को धमकाया
जैसे ही अदालत ने फैसला सुनाया, दोनों का रवैया अचानक आक्रामक हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने अदालत कक्ष में ऊंची आवाज में चिल्लाते हुए न्यायाधीश को धमकाया। उन्होंने कहा, “हमें पता है तुम्हारा घर कहां है, तुम्हें छोड़ेंगे नहीं।” इतना ही नहीं, मृतक की पुत्री को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे अदालत में मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश ने तत्काल पुलिस अधीक्षक सहित उच्च अधिकारियों को तहरीर दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कार्यवाही समाप्त होने के बाद न्यायाधीश को कड़ी सुरक्षा में उनके आवास तक पहुंचाया गया। प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। साथ ही, आरोपियों के खिलाफ अदालत में दी गई धमकी को लेकर अलग से कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस जेल में बंद उन दो कैदियों पर भी नजर रख रही है, जिन्होंने जज को धमकी दी है।
