Bihar Rohtas Accident: बिहार के सासाराम से एक बड़ी व दुखद खबर सामने आई है, जहां रोहतास जिले में देर रात एक बस का ट्रक से एक्सीडेंट हो गया। बस में स्कूल के बच्चे थे, जहां हादसे में बच्चों को बचाते हुए दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं और चार अन्य शिक्षक भी घायल बताए जा रहे हैं।
बच्चों को कैमूर जिले के चैनपुर स्थित मध्य विद्यालय बढोना से एक टूरिस्ट बस में पटना ले जाया जा रहा था। जहां सोमवार रात करीब 1 बजे परसथुआं थाना क्षेत्र में आरा मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा हो गया।
बाल-बाल बचे बच्चे
बताया गया कि बस में सवार 10 घायल बच्चों को हल्की चोट आई थी, जिस कारण उन्हें उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, सूचना लगते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को गहरा सदमा लगा है। साथ ही स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे में जान गंवाने वालों में संजय कुमार राय (विशिष्ट शिक्षक, भैंसहर, कैमूर) और पुनीत कुमार सिंह (BPSC शिक्षक, मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश) थे। शिक्षक विपिन पांडे, सियानंद पटेल, लोरी सिंह और एक महिला शिक्षिका ललिता कुमारी इस हादसे में घायल हुई हैं, जिनका उपचार जारी है। बता दें कि बस में कुल 50 लोग सवार थे।
श्रद्धालुओं से भरी निजी बस पेड़ से टकरायी, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल
इससे पहले यूपी के मथुरा जिले में तीर्थयात्रियों को वृन्दावन से लेकर बरसाना दर्शन के लिये ले जा रही एक निजी बस रास्ते में पेड़ से टकरा गई। इस घटना में आठ यात्री घायल हो गये। उनमें से तीन को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि बस की टक्कर इतनी भीषण थी कि उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उनमें से तीन की हालत नाजुक बतायी जाती है।
