शहर

Exclusive: 'बाढ़ से निपटने की कोई व्यवस्था नहीं', तेजस्वी ने सरकार की तैयारियों पर उठाए सवाल; बिहार के 14 जिलों में हाहाकार

Bihar Flood: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राघोपुर के बाढ़ और कटाव प्रभावित गांवों का दौरा किया और सरकारी व्यवस्थाओं और जमीनी स्थितियों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।

Image

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव

Photo : Times Now Digital

Bihar Flood: बिहार के 14 जिलों में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। ऊपर से लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इस बीच, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ और कटाव प्रभावित गांवों का दौरा किया और सरकार की व्यवस्थाओं और जमीनी स्थितियों को लेकर टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खुलकर बात की।

टाइम्स नाउ नवभारत के साकेत कुमार से बातचीत में तेजस्वी यादव ने बताया कि हम लोग लगातार कटाव और बाढ़ को लेकर सरकार से व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग करते रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा, ''सब लोग जानते हैं कि जब भी गंगा का जलस्तर बढ़ता है तो दियारा और तेरसिया का इलाका हमेशा प्रभावित रहता है, इसलिए सरकार को इसका स्थायी समाधान निकालना चाहिए।''

नाव टूटने से दो लोगों की मौत

राजद नेता ने खस्ताहास सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मुहैया कराई गई नाव पुरानी और कमजोर थी, जो टूट गई और दो लोगों की जान चली गई। पीड़ितों के परिवार से भी हम मिलकर आए हैं। उन्होंने आगे कहा कि एसडीआरएफ की नाव, जो उन्हें मिली थी, वो भी पंचर हो गई।

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए नावों और खाने-पीने का उचित प्रबंध नहीं है। पर्याप्त संख्या में कम्युनिटी किचन नहीं खोले गए हैं और जब वे प्रशासन से कम्युनिटी किचन की सूची मांगते हैं, तो कोई सूची नहीं दी जाती, केवल दिखावा किया जा रहा है।

Tejashwi Yadav

तेजस्वी यादव ने बाढ़ प्रभावित राघोपुर का दौरा किया

इस दौरान, तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी सरकार से सड़कों और पुलियों को ऊंचा बनाने की मांग की और कहा कि अगर सरकार इसका निर्माण नहीं कराती है तो विधायक निधि का इस्तेमाल करके इसका निर्माण कराया जाएगा ताकि लोगों को आने-जाने में दिक्कत न हो।

राजद नेता ने कहा कि जब वह उपमुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री थे, तब उन्होंने दियारा क्षेत्र के लिए रिंग बांध की योजना बनाई थी, लेकिन हमारी सरकार जाने के बाद वह ठप हो गई। उन्होंने ब्रह्मपुर पंचायत और शिवनगर में कटाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री को पत्र लिखने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई और पूरे इलाके तथा बिहारियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने आगे दावा किया कि राज्य की लगभग 70 फीसदी आबादी बाढ़ से प्रभावित है। कोई व्यवस्था नहीं है, महज दिखावा हो रहा है। उन्होंने कहा, ''आप पीड़ित से उसकी स्थिति के बारे में पूछ कर देखिये। हम बोलेंगे तो कहेंगे कि राजनीति कर रहा है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article