शहर

बिहार का मौसम (14 Jan 2026) Bihar Weather Today: शीतलहर और कोहरे के बीच बीतेगी खिचड़ी, बारिश बदलेगा मौसम का मिजाज; जानें कब कम होगी ठंड

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 14 Jan 2026: बिहार में सर्दी का असर लगातार गहराता जा रहा है। घने कोहरे और शीतलहर के चलते सुबह और शाम के समय जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर सतर्क रहने की चेतावनी दी है। मकर संक्रांति यानी आज के दिन राज्य के कई जिलों में घने कोहरे की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं कैसा रहेगा बिहार में मौसम का हाल।

Image

अगले कुछ दिनों में बिहार में बारिश की संभावना (AI Image)

बिहार में आज का मौसम (14 Jan 2026): बिहार में सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। सुबह और रात के समय कंपकंपाती ठंड और घना कोहरा लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। हालांकि दोपहर में निकल रही धूप से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि खतरा अभी टला नहीं है। आज, बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

18 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बिहार के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। इनमें पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, सारण, वैशाली, समस्तीपुर और कटिहार शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम रहने की आशंका है, जिसके चलते लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

अगले पांच दिनों तक बना रहेगा कोहरे का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार में आने वाले पांच दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही ठंडी पछुआ हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ सकती है। हालांकि अगले एक-दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है, जिससे दिन में कुछ राहत मिलेगी।

पश्चिमी विक्षोभ से बारिश की भी संभावना

15 जनवरी के आसपास पश्चिमी बिहार में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इसका असर राज्य के मौसम पर पड़ेगा और कई जिलों में कोहरा और बढ़ सकता है। इसके अलावा 17 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिसका प्रभाव 20 से 21 जनवरी के बीच देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली, जिससे ठंड से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 और 21 जनवरी को उत्तर बिहार से सटे कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के कारण ठंड और बढ़ सकती है और तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी पटना में भी बादल छाए रहने की संभावना है।

कब मिलेगी ठंड से राहत

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 24 जनवरी के बाद राज्य में मौसम साफ होने लगेगा। कोहरे में कमी आएगी और दिन के तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तब तक सुबह और रात की ठंड से सतर्क रहने की जरूरत बनी रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article