बिहार में आज का मौसम (11 March 2026): बिहार में मौसम ने करवट बदल ली है। बीते दो दिनों से प्रदेश में बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने आज भी 8 जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। सुबह से कई जिलों में बादल भी छाए हुए हैं। वहीं कुछ जगहों पर धूप निकलने के कारण उमस भी परेशान कर सकती है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था और तेज गर्मी भी पड़ रही थी। सूरज की तपिश के कारण तापमान भी लगातार बढ़ता जा रहा था। हालांकि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार में पिछले 2 दिनों से मौसम बदला हुआ। मौसम विभाग ने आज पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं 30 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। जिससे इन जगहों पर गर्मी महसूस होगी। पटना में हल्के बादल छाने और धूप निकलने की संभावना है। जिससे उमस का एहसास होगा।
बिहार में तीन दिन बाद फिर होगी बारिश
IMD के अनुसार, बिहार में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। 12 से 14 मार्च तक कहीं भी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। जिसके बाद एक बार फिर मौसम बदलेगा। 15 और 16 मार्च को बिहार के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में अगले 5 दिन कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। हालांकि न्यूनतम तापमान में दो दिन बाद 1-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
पिछले 24 घंटे में बिहार में बेगूसराय और जहानाबाद समेत के कई हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। वहीं नालंदा में धुंध छाई नजर आई। प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस अररिया में दर्ज हुआ। इसके अलावा पूर्णिया में 33 डिग्री, सुपौल में 32.1 डिग्री, पटना में 32 और दरभंगा में 31.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान मधेपुरा में 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औरंगाबाद, मधुबनी और वाल्मीकिनगर में भी इसके आसपास ही तापमान रहा।
