शहर

बिहार का मौसम (09 Jan 2026) Bihar Weather Today: बिहार में शीतलहर का सितम; हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, 24 जिलों में Cold Day का ऑरेंज अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 09 Jan 2026: बिहार में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शीतलहर, तेज ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने पूरे राज्य में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे दिनभर ठिठुरन महसूस हो रही है। आइए जानते हैं कैसा रहेगा आज बिहार का मौसम।

Image

आधे से अधिक बिहार में कोल्ड डे का अलर्ट जारी (AI Image)

बिहार में आज का मौसम (09 Jan 2026): बिहार में सर्दी ने एक बार फिर तीखा रूप ले लिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर और ठंडी पछुआ हवाओं के कारण लोगों को दिनभर कंपकंपी का सामना करना पड़ रहा है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। तेज हवाओं और कम तापमान के कारण धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन बनी हुई है।

कई जिलों में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड स्तर पर

ताजा मौसम आंकड़ों के अनुसार गया जिले के फतेहपुर, भागलपुर के सबौर और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भागलपुर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां पारा करीब 4.4 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी पटना में भी न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मधुबनी को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।

कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें

ठंड के साथ-साथ घने कोहरे की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। उत्तर बिहार और सीमावर्ती जिलों में दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर ट्रेनें देरी से चल रही हैं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुले इलाकों, खेतों और हाईवे पर ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

अलर्ट जारी, हवाएं बढ़ा रहीं ठिठुरन

मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में शीत दिवस जैसी स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, खगड़िया, सुपौल, अररिया, सहरसा, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और मधेपुरा में आज कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुछ जिलों में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट लागू किया गया है। बीते दिन 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने कनकनी को और तेज कर दिया।

कल कितना नीचे गया पारा

जिलान्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
भागलपुर4.4
शेखपुरा5.2
किशनगंज5.8
गया जी6
छपरा7.2
नालंदा8.8
रोहतास9.4
पटना9.8

क्या होता है कोल्ड डे?

मौसम विज्ञान के अनुसार जब मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे आ जाए, तो उस दिन को 'कोल्ड डे' या 'शीत दिवस' माना जाता है। ऐसी स्थिति में ठंडी हवाएं और धूप की कमी सर्दी को और ज्यादा महसूस कराती हैं।

ठंड के कारण स्कूलों में छुट्टी

बढ़ती ठंड को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। पटना और नालंदा में आठवीं कक्षा तक के स्कूल बंद हैं, जबकि वैशाली में दसवीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। इसके अलावा भागलपुर, बेगूसराय, सुपौल, भोजपुर और अन्य जिलों में भी एहतियातन स्कूलों को बंद रखा गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर बिहार तक पहुंच रहा है। इसके चलते ठंडी पछुआ हवाएं चल रही हैं। विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!