Bihar News: बिहार में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस छोड़िए बिजली का भी डर नहीं है। दुस्साहस ऐसा है कि यहां चोर रेलवे की हाई-टेंशन चालू लाइनों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। बिहार के गया-पटना रेल खंड पर गुरुवार तड़के चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। टेहटा और जहानाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच चोरों ने ओवरहेड इक्विपमेंट यानी ट्रेनों को बिजली देने वाले 25,000 वोल्ट के लाइव तार को काट दिया और उसे चुराकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना के कारण इस व्यस्त रूट पर करीब तीन घंटे तक ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह चरमरा गया।
तड़के 3 बजे कटी बिजली, सिंगल लाइन से चलाई गईं ट्रेनें
पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सरस्वती चंद्र ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार तड़के करीब 3:05 बजे चोरों ने टेहटा और जहानाबाद स्टेशनों के बीच लगभग 100 मीटर लंबा ओएचई (OHE) तार काट दिया। 25 हजार वोल्ट के इस तार के कटते ही पूरे सेक्शन की बिजली गुल हो गई और ट्रेनों के पहिए थम गए।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभावित डाउन ट्रेनों को 'सिंगल-लाइन वर्किंग'के तहत बेहद सावधानी से ऑपरेट किया, जिसमें एक ही ट्रैक से दोनों ओर की ट्रेनें गुजारी जा रही थीं।
RPF ने सामान किया बरामद, 3 घंटे में ट्रैक दुरुस्त
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और तकनीकी स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा। मुस्तैदी दिखाते हुए आरपीएफ की टीम ने छापेमारी कर चोरी गया सारा मटेरियल (तांबे का हाई-टेंशन तार) बरामद कर लिया है, हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
CPRO सरस्वती चंद्र ने बताया कि रेल कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6:26 बजे तार को पूरी तरह ठीक कर लिया गया और रूट पर ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया। फिलहाल आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
