भोपाल

शादी की खुशियों को लगा ग्रहण! विदिशा में पलटा बारातियों से भरा वाहन, 4 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात मदागन घाटी पर बारातियों से भरा वाहन पलट गया। जिससे चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। वाहन में 16 लोग सवार थे। सीएम मोहन यादव ने इस घटना पर शोक जताया है और सहायता राशि देने की घोषणा भी की है।

Image

फाइल फोटो

MP Accident: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार की देर रात को बारातियों से भरा वाहन पलट गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। वहीं 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंचा। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है और सहायता राशि का भी ऐलान किया है।

वाहन में सवार थे 12 लोग

बताया गया है कि इंदौर के एक गांव से विदिशा के सिरोंज में बारात आई थी। यह बारात गुरुवार की देर रात को लौट रही थी, इसी दौरान मदागन घाटी पर बारातियों का वाहन पलट गया। इस वाहन में 16 लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से पांच की हालत गंभीर है और उनका उपचार जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक वाहन में बाराती सवार थे जबकि दूसरे वाहन में दूल्हा, दुल्हन और अन्य लोग थे।

सीएम ने हादसे पर जताया शोक

इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है और कहा है कि विदिशा जिले के लटेरी तहसील क्षेत्र में बस दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुखद है। दुख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन की मदद से दुर्घटना में हुए घायलों को जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु समुचित व्यवस्था की गई है।

पीड़ितों को मिलेगी आर्थिक सहायता

मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 2-2 लाख रुपए एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article