भोपाल

MP News: तानों से परेशान होकर बैतूल में नगर परिषद के दो साथी कर्मचारियों ने की आत्महत्या, कुएं से मिले शव

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में नगर परिषद बैतूल बाजार के दो कर्मचारियों ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों मंगलवार शाम घर से निकले थे और बुधवार सुबह SDRF टीम ने उनके शव बरामद किए। पुलिस को रजनी के घर से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने कुछ सहकर्मियों पर मानसिक प्रताड़ना और गलत आरोप लगाने का जिक्र किया है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।

Image

बैतूल में दो कर्मचारियों ने की आत्महत्या (सांकेतिक तस्वीर |iStock)

Photo : iStock

Betul News: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नगर परिषद बैतूल बाजार में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी ने अपने साथी कर्मचारी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना बैतूल बाजार थाना क्षेत्र की है और पूरे मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

कुएं से मिले दोनों कर्मचारियों के शव

मृतकों की पहचान रजनी ढुंढेले (48) और मिथुन पंवार (29) के रूप में हुई है। दोनों मंगलवार शाम घर से निकले थे लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रैक की और बयावाड़ी गांव में खेत के पास दोनों की चप्पलें, मोबाइल और बाइक पड़ी मिली। बुधवार सुबह SDRF टीम ने कुएं से दोनों के शव बरामद किए।

क्या लिखा सुसाइड नोट

पुलिस को रजनी के घर से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने कुछ सहकर्मियों पर लगातार ताने मारने, लांछन लगाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नोट में 4-5 लोगों के नाम भी लिखे गए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। रजनी ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि लोग उसके और मिथुन के संबंधों को लेकर गलत बातें फैलाते थे, जबकि वह मिथुन को बेटे जैसा मानती थी।

नोट में 4-5 लोगों के नाम

एसडीओपी सुनील लाटा ने बताया कि दोनों नगर परिषद के कर्मचारी थे। सुसाइड नोट मिला है, जिसे महिला ने लिखा है। इसमें 4–5 लोगों के नाम दर्ज हैं। उनकी भूमिका की जांच होगी। दोनों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाले जा रहे हैं, जिसके बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं मिथुन के परिजन धर्मेंद्र पवार ने बताया कि दो लड़के घर आए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद हम थाने गए और लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। बाद में जब हम लोग कुएं पर पहुंचे तो चप्पलें और मोबाइल पड़े मिले, जिससे शक गहराया।

परिवार में मातम

रजनी ढुंढेले के पति पूर्व में पार्षद रह चुके हैं। उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटे की जल्द ही शादी होने वाली थी। घटना के बाद परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। दोनों की मौत के पीछे मानसिक प्रताड़ना, सामाजिक दबाव और व्यक्तिगत तनाव समेत किन वजहों की भूमिका रही, इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article