Jabalpur News: जबलपुर जिले में बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। बुधवार रात बरगी हिल्स क्षेत्र लगे दुर्गा पंडाल में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 6 वर्षीय आयुष झारिया और 8 वर्षीय वेद श्रीवास के रूप में हुई है। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों बच्चे आरती में शामिल होने के लिए पंडाल में गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पंडाल में लगी बिजली की झालरों से लोहे के पाइप में अचानक करंट फैल गया। इसकी चपेट में आते ही दोनों बच्चे मौके पर ही जमीन पर गिर पड़े। अफरातफरी के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गुरुवार को दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है।
गोरखपुर के उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) अनुराग सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि आयोजकों ने बिना सुरक्षित बिजली कनेक्शन के लाइटिंग सजावट की थी जिसके चलते यह हादसा हुआ। एक खंभे में करंट फैल गया, जिससे संपर्क में आने पर बच्चे उसकी चपेट में आ गए और उनकी दुखद मृत्यु हो गई।
