कार्रवाई में ढिलाई पर CM मोहन यादव ने जताई नाराजगी (Photo-PTI)
MP News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक 6 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस की ढीली कार्रवाई पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुए चार दिन का समय बीत गया है, लेकिन बावजूद इसके मुख्य आरोपी सलमान की गिरफ्तारी नहीं हुई है। यही कारण है मुख्यमंत्री ने एक कड़ा कदम और आला अधिकारियों—मुख्य सचिव (CS), डीजीपी, एडीजी इंटेलिजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की।
इस बैठक में सीएम ने पुलिस की ढीली कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने साथ ही मंडीदीप में हुए चक्काजाम के दौरान पुलिस के रवैये को लेकर भी नाराजगी जताई। इसी का परिणाम है कि रायसेन के पुलिस अधीक्षक (SP) पंकज पांडे को तत्काल उनके पद से हटाकर PHQ (पुलिस मुख्यालय) भेज दिया गया है। मामले को लेकर लगातार प्रदर्शन, चक्काजाम और ज्ञापन (Memorandum) सौंपने के मामले सामने आने के बाद, पुलिस अधीक्षक पर यह गाज गिरी है।
एसपी को हटाए जाने के बाद, आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के प्रयास तेज हो गए हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की एक दर्जन से अधिक टीमें बनाकर पूरे क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है। इस बीच, आरोपी सलमान की गिरफ्तारी न होने के कारण जनता और हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। दुष्कर्म की घटना को लेकर आज यानी बुधवार, 26 नवंबर को लगभग 11 बजे रायसेन और औबेदुल्लागंज के बाजार बंद रहने की संभावना है। हिंदूवादी संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। इस घटना ने न केवल कानून व्यवस्था पर, बल्कि पुलिस के त्वरित एक्शन और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए है, जिसके चलते प्रशासन दबाव में है।
सीएम की सख्ती के बाद अब पुलिस पर आरोपी सलमान को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का भारी दबाव है। इस दुष्कर्म की घटना ने रायसेन जिले में कानून और व्यवस्था की स्थिति पर चिंता पैदा कर दी थी, जिसे नियंत्रित करने और न्याय सुनिश्चित करने के लिए उच्च-स्तरीय हस्तक्षेप आवश्यक हो गया था। अब पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं ताकि प्रदर्शन कर रहे संगठनों के विरोध को शांत किया जा सके और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।