MP Politics : कर्नाटक का किला फतेह करने के बाद अब कांग्रेस मध्य प्रदेश जीतने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए पार्टी संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 12 जून को कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा जबलपुर पहुंचेंगी और यहीं से चुनावी अभियान प्रारंभ करेंगे। इस दिन वे नर्मदा नदी की पूजा-अर्चना करने के बाद जबलपुर में रोड शो करेंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष के अंत में मध्य प्रदेश में चुनाव होने हैं। 2018 में कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनाई थी, लेकिन मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थक विधायक बागी हो गए जिसके बाद कांग्रेस की सरकार गिर गई। इसके बाद प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा ने सरकार बनाई थी।
चुनावी अभियान की होगी शुरुआत
कांग्रेस के विधायक और प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट का कहना है कि, 12 जून को प्रियंका वाड्रा का दौरा प्रस्तावित है। यहां ग्वारीघाट पर नर्मदा नदी की पूजा करने के बाद वे रोडशो करेंगी। जनसभा को संबोधित करने के साथ प्रियंका 'संकल्प 2023' की शुरुआत करेंगी। पार्टी नेता ने बताया है कि राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व ने ही पार्टी को हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में जीत दिलाई है।
डेढ़ से दो लाख लोगों के आने की उम्मीद
जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ने बताया है कि, यहां पर प्रियंका वाड्रा का रोडशो दो किलोमीटर लंबा होगा। जनसभा में डेढ़ से दो लाख लोगों के आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया है कि प्रदेश लोग भाजपा के शासन से तंग आ चुके हैं। दो राज्यों में कांग्रेस को वोट देकर देश ने अपना मूड बता दिया है।
2013 में खराब था प्रदर्शन
जिस क्षेत्र में प्रियंका वाड्रा पहुंच रही हैं वहां पर वर्ष 2013 में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब था। यहां पर कांग्रेस ने महज 13 सीटें प्राप्त की थीं। वहीं, भाजपा ने 24 सीटों अभूतपूर्व जीत दर्ज की थी। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में एमपी की 230 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस को केवल 114 सीटें मिलीं थीं जबकि भाजपा को 109 सीटों पर विजय मिली थी।
