भोपाल

Ratlam: जयपुर बम कांड के आरोपी को पकड़ने वाले दो पुलिसकर्मियों को मिला आउट ऑफ टर्न प्रमोशन

प्रतिबंधित आतंकी संगठन अलसुफा के 5 लाख रुपए के इनामी फरार आरोपी फिरोज उर्फ सब्जी को गिरफ्तार करने में साहस का प्रदर्शन करने वाले उपनिरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी और कार्यवाहक प्रधान आरक्षक राहुल जाट को मध्य प्रदेश पुलिस ने आउट ऑफ टर्न प्रमोशन की है। दोनों अधिकारी रतलाम के निवासी हैं।

Image

आतंकी को गिरफ्तार करने के लिए मिला प्रमोशन (सांकेतिक तस्वीर|Canva)

Ratlam News: प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-सुफा के इनामी और फरार आतंकी फिरोज उर्फ सब्जी की गिरफ्तारी में साहस का परिचय देने वाले मध्यप्रदेश पुलिस के दो अधिकारियों को ‘आउट ऑफ टर्न प्रमोशन’ देकर सम्मानित किया गया है। उपनिरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी और कार्यवाहक प्रधान आरक्षक राहुल जाट, दोनों रतलाम जिला पुलिस बल में पदस्थ हैं।

मध्यप्रदेश पुलिस के महानिदेशक कैलाश मकवाना ने इस बहादुरी को साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की। पोस्ट में लिखा गया कि यह प्रमोशन पुलिसकर्मियों के असाधारण साहस और तत्परता को सम्मान देने का प्रतीक है।

यह साहसी कार्रवाई 2 अप्रैल को रतलाम में हुई थी, जब इनामी आतंकी फिरोज उर्फ सब्जी (पिता फकीर मोहम्मद), जो जयपुर बम कांड सहित अन्य मामलों में NIA और राजस्थान पुलिस को वांछित था, रतलाम शहर में किसी गंभीर घटना को अंजाम देने के इरादे से आया हुआ था।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फिरोज की बहन रेहाना के आनंद कॉलोनी स्थित घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए दोनों अधिकारियों से धक्का-मुक्की की, लेकिन उपनिरीक्षक रघुवंशी और प्रधान आरक्षक जाट ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को एनआईए और एटीएस के हवाले कर दिया गया। फिरोज पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था।

मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आमतौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया जाता रहा है, लेकिन इस बार एक आतंकी के विरुद्ध साहसिक कार्रवाई को यह सम्मान देकर एक नई मिसाल कायम की गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article