MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में किसानों के हितों पर विशेष ध्यान दिया। वह किसानों के हित में कार्य करने के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं और पहलों की शुरुआत करने वाले हैं। उन्होंने हाल ही में एक कई योजनाओं और पहलों की घोषणा की, जिसमें फसल अनुदान और फसल बीमा योजनाएं शामिल है। सीएम ने कहा कि इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, जो उनके लिए बहुत जरूरी है। इसके साथ एमपी के सीएम मोहन यादव ने कई अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी।
किसानों के लाभ के लिए शुरू होगी विभिन्न प्रकार की योजनाएं
मिली जानकारी के अनुसार, फसल अनुदान और बीमा योजना के साथ सरकार किसानों को श्री अन्न उत्पादन योजना के लिए भी प्रोत्साहित करेगी। इसमें सरकार द्वारा किसानों की उपज खरीदी जाएगी। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कृषि उपज मंडियों का विभागीय अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाएगा और नई जरूरतों के अनुसार अलग-अलग मंडियों की स्थापना पर विचार किया जाएगा। मंडियों के लिए फसलवार मॉडल तैयार किया जाएगा और इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
नई मंडियों की होगी स्थापना
बता दें कि किसानों के लिए नई योजनाओं और पहलों के तौर पर नई मंडियों की स्थापना की जाएगी। इसमें फल-सब्जी मंडी, मसाला मंडी आदि शामिल होंगी। इसके अलावा मंडी शुल्क की राशि का उपयोग भी किसान कल्याण गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा।
एमपी की तीन फसलों को मिल सकता है जीआई टैग
सीएम ने बैठक के दौरान यह भी बताया कि मध्य प्रदेश की तीन प्रमुख फसलों को जल्द ही जीआई टैग भी दिलाया जाएगा। इन तीन फसलों में नाग-दमन कुटकी, सिताही कुटकी, और बैंगनी अरहर शामिल है। बता दें कि एमपी की 259 कृषि उपज मंडियों में 1 अप्रैल से ई-मंडी योजना लागू कर दी गई है।
मेले में होगा कृषि उपकरणों का प्रदर्शन
बता दें कि मई के अंत में और जून के शुरुआती दिनों में एमपी के दो शहरों में कृषि मेले का आयोजन किया जाएगा। आगामी 26 मई से 28 मई तक एमपी के नरसिंहपुर में कृषि आधारित उद्योगों के सम्मेलन के साथ एक विशाल मेला भी आयोजित किया जाएगा। इस मेले में दुग्ध उत्पादन, मत्स्य उत्पादन, शाक-सब्जी उत्पादन, उद्यानिकी, बागवानी, उन्नत बीज, खाद, उर्वरक और कृषि उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। दूसरा विशाल मेला सतना में 8 जून से 10 जून 2025 तक आयोजित किया जाएगा। सीएम की यह सभी पहल किसानों के हित में और उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से है।
