भोपाल

Morena Blast: 21 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मां-बेटी का शव बरामद, सिलेंडर फटने से ढहा था मकान

Morena Blast: मुरैना में शनिवार दोपहर को रसोई गैस सिलेंडर फटने से एक मकान ढह गया था। जहां 21 घंटे चले बचाव अभियान के बाद मलबे से मां-बेटी के शव को बरामद कर लिया गया है। मलबे से एक सिलेंडर, एक फटी हुई बैटरी और डीप फ्रीजर के हिस्से भी मिले हैं।

Image

मलबे से शव बरामद (सांकेतिक फोटो)

Morena Blast: मध्यप्रदेश के मुरैना शहर में एक मकान के ढह जाने के बाद रविवार सुबह मलबे से एक महिला और उसकी बेटी का शव बरामद किया गया। पुलिस ने पहले बताया था कि शनिवार दोपहर के आसपास संभवतः रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण मकान ढह गया। अधिकारियों ने बाद में बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस के अनुमंडल अधिकारी रवि भदौरिया ने बताया कि 21 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद रविवार सुबह मकान के मलबे से मां-बेटी के शव बरामद किए गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि चूंकि यह एक घनी आबादी वाला इलाका है ऐसे में आस-पास के मकानों को किसी भी तरह के नुकसान से बचाते हुए बचाव अभियान को अंजाम दिया गया जिसके कारण इसमें समय लगा। विस्फोट के कारण के बारे में पूछे जाने पर भदौरिया ने कहा कि घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और उनकी जांच के बाद सही वजह सामने आएगी। उन्होंने बताया कि मलबे में एक सिलेंडर, एक फटी हुई बैटरी और एक डीप फ्रीजर के हिस्से मिले हैं। उन्होंने बताया कि सभी साक्ष्यों की जांच करने के बाद, पुलिस (विस्फोट के कारण पर) किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी।

गैस सिलेंडर फटने से हुआ विस्फोट

पुलिस द्वारा इससे पहले जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया था कि यह घटना शनिवार दोपहर के आसपास मुरैना शहर के इस्लामपुरा इलाके में हुई। राज्य आपदा आपातकालीन मोचन बल (एसडीईआरएफ), दमकल विभाग और स्थानीय नगर निकाय की टीम मौके पर पहुंचीं। विज्ञप्ति में कहा गया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि संभवत: रसोई गैस सिलेंडर के कारण विस्फोट हुआ होगा, जिसके बाद घर ढह गया। कुछ मीडिया की खबरों में पहले दावा किया गया कि विस्फोट एक पटाखा फैक्टरी में हुआ है। पुलिस ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article