भोपाल

MP में गेल प्लांट से लीक हुई मीथेन गैस, इलाके में फैली दहशत; कोई हताहत नहीं

Methane Gas Leak in MP: एमपी के रायसेन जिले में गेल प्लांट से बुधवार तड़के मीथेन गैस लीक हुई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि एहतियात के तौर पर प्लांट की ओर जाने वाला रास्ता अस्थाई तौर पर बंद किया गया है। फिलहाल प्लांट से उत्पादन बंद है और सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है।

Image

सांकेतिक फोटो

Methane Gas Leak in MP: मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सरकारी स्वामित्व वाली गेल के संयंत्र से बुधवार तड़के मीथेन गैस लीक हो गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। एक अधिकारी ने बताया कि भोपाल के करीब मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में स्थित संयंत्र से गैस रिसाव को बाद में बंद कर दिया गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर संयंत्र की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया और गैस संयंत्र के आसपास की सभी औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन तुरंत बंद कर दिया गया।

सुरक्षा इंतजामों की हो रही जांच

यह घटना मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 35 किलोमीटर दूर रायसेन जिले के मंडीदीप औद्योगिक शहर में गेल संयंत्र में सुबह करीब दो बजे हुई।

उपमंडल दंडाधिकारी चंद्रशेखर श्रीवास्तव ने बताया कि मीथेन गैस के रिसाव के बाद गेल संयंत्र के 200 मीटर के दायरे में सभी इकाइयों में उत्पादन तत्काल बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास की सड़क पर यातायात भी रोक दिया गया। मीथेन एक अत्यधिक ज्वलनशील, रंगहीन और गंधहीन गैस है। अधिकारी ने बताया कि मीथेन गैस का रिसाव हुआ था, जो हवा में उड़ गई और इसमें किसी की जान नहीं गई है। उन्होंने बताया कि सभी सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है तथा फिलहाल संयंत्र से उत्पादन बंद है।

गेल संयंत्र में लेवल-3 का गैस लीकेज

सुरक्षा कारणों से रात से ही सरकारी अधिकारियों की टीमें वहां तैनात हैं। वे गेल संयंत्र में व्यापक सुरक्षा इंतजाम कर रहे हैं। मंडीदीप उद्योग संघ के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि गेल संयंत्र में 'लेवल-3' गैस का रिसाव हुआ है। उन्होंने बताया कि इसमें किसी की जान नहीं गई है और सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञ संयंत्र की जांच कर रहे हैं और लीक हो रहे वाल्व की मरम्मत कर दी गई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें