Tikamgarh Land Dispute: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र के ग्राम राजनगर सिमराहार में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चला आ रहा था। रविवार को मामला तब अचानक बिगड़ गया, जब एक पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर ट्रैक्टर के साथ विवादित जमीन की जुताई करने पहुंचे। इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
शुरुआत में दोनों ओर से कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन थोड़ी ही देर में स्थिति बेकाबू होकर हिंसक झड़प में बदल गई। हमलावरों ने कुल्हाड़ियों, लाठियों और डंडों से हमला कर रामलाल लोधी, चतुर्भुज लोधी और बलराम लोधी तीनों सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना में दो महिलाओं, 7 वर्ष की एक बच्ची और 17 वर्षीय किशोर सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जमीन की जुताई के दौरान हुई घटना
वारदात के बाद आरोपी चतुर, पहलवान और उनके साथ आए अन्य लोग मौके से फरार हो गए। जतारा थाना पुलिस ने हत्या और मारपीट का मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया है, जो आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। मृतकों के परिजनों का कहना है कि राजनगर हार में स्थित लगभग छह बीघा जमीन पहले उनके चाचा घनश्याम लोधी के नाम दर्ज थी। उनके निधन के बाद इस जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद चल रहा था। आज जब आरोपी पक्ष जमीन की जुताई करने पहुंचा, तो मृतक पक्ष ने इसका विरोध किया, जिसके चलते यह खौफनाक घटना घटित हो गई।
