भोपाल

ग्वालियर में गरबा-डांडिया प्रोग्राम में बिना आईडी प्रवेश पर लगी रोक, कलेक्टर ने जारी किए निर्देश

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गरबा-डांडिया प्रोग्राम में बिना आईडी कार्ड के प्रवेश न देने की बजरंग दल ने मांग की है। ग्वालियर की कलेक्टर ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं और कहा है कि जिले में होने वाले गरबा-डांडिया में बिना आईडी कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

Gwalior News: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही देश में नवदुर्गा महोत्सव की शुरुआत हो गई है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में दुर्गा पूजा और गरबा- डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बजरंग दल ने नवदुर्गा महोत्सव के दौरान ग्वालियर में आयोजित होने वाले गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में गैर हिंदुओं को प्रवेश न देने की मांग की। कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान ने आयोजकों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और धार्मिक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि बिना आईडी कार्ड कार्यक्रम में किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, खासतौर पर गैर-हिंदुओं को।

बजरंग दल ने दी चेतावनी

ग्वालियर जिला प्रशासन ने यह कदम भोपाल जिला प्रशासन के नक्शेकदम पर उठाया है, जहां पहले ही इस तरह के नियम लागू किए जा चुके हैं। प्रशासन के इस फैसले का समर्थन करते हुए हिंदूवादी संगठन बजरंग दल भी सक्रिय हो गया है। बजरंग दल ने साफ तौर पर कहा है कि वे इन कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे और अगर उनकी मांग के खिलाफ कहीं भी कोई गैर-हिंदू प्रवेश करता पाया गया, तो वे उग्र कार्रवाई करने को मजबूर होंगे। बजरंग दल की मांग है कि ये आयोजन विशुद्ध रूप से सनातन परंपरा का हिस्सा हैं और इनमें केवल हिंदू ही शामिल हों।

आयोजक हुए अलर्ट

कलेक्टर के निर्देश जारी होने के बाद, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के आयोजक भी पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। उनका दावा है कि प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रमों के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मी और बाउंसर की तैनाती की जाएगी, जो हर व्यक्ति की आईडी जांचने के बाद ही उन्हें कार्यक्रम में प्रवेश देंगे। आयोजकों ने बताया कि गैर-हिंदुओं का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है। साथ ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम, जैसे फायर इक्विपमेंट, भी सुनिश्चित किए गए हैं। कार्यक्रम एरिया में धूम्रपान पर भी रोक लगाई गई है। ग्वालियर में कई जगहों पर इन भव्य आयोजनों में हजारों लोग भक्ति भाव से हिस्सा ले रहे हैं और आगामी दिनों में यहां भक्तों की संख्या और बढ़ेगी।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article