Indore News: इंदौर के शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में डॉक्टरों ने एक 29 वर्षीय विचाराधीन कैदी के दिल से तीन सुइयों को सफल ऑपरेशन के जरिए निकालकर उसकी जान बचाई है। यह सुइयां करीब एक साल से उसके दिल में धंसी हुई थीं। अस्पताल प्रशासन ने शुक्रवार को इस जटिल सर्जरी की जानकारी दी। डॉ. सुमित प्रताप सिंह, जो इस ऑपरेशन के प्रमुख सर्जन रहे, ने बताया कि मरीज को सीने के बाईं ओर तेज दर्द और चुभन की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। जांच के दौरान जब उसकी सीटी स्कैन और इकोकार्डियोग्राफी रिपोर्ट सामने आई तो डॉक्टर हैरान रह गए क्योंकि उसके दिल के अंदर तीन सुइयां मौजूद थीं।
किसी चमत्कार से कम नहीं
डॉ. सिंह ने बताया, "ऑपरेशन लगभग आठ घंटे चला और यह उसी तकनीक से किया गया जैसा ओपन हार्ट सर्जरी में होता है। सुइयों की लंबाई एक से 2.5 इंच के बीच थी।" उन्होंने आगे कहा कि सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर है और वह ठीक हो रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि वह व्यक्ति इतने लंबे समय तक दिल में सुइयां होने के बावजूद जीवित रहा। इन सुइयों के कारण हृदय में सूजन आ गई थी और इसकी संरचना भी काफी बदल गई थी।
आपराधिक मामले के चलते जेल में बंद
अधिकारियों के अनुसार, 2024 में दिल्ली में पैसों के विवाद के चलते किसी ने उस व्यक्ति पर एयरगन जैसी बंदूक से सुइयां दाग दी थीं, जो उसकी छाती, गर्दन और सिर में लगी थीं। उस समय शरीर के बाकी हिस्सों से सुइयां निकाल दी गई थीं, लेकिन तीन सुइयां दिल में ही रह गई थीं। बताया गया है कि यह व्यक्ति वर्तमान में एक आपराधिक मामले में जेल में बंद है और इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था।
(इनपुट - भाषा)
