MP Accident News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में दो बाइकों की टक्कर से भीषण हादसा हो गया। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक एक ही परिवार के थे। ये लोग शादी समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दूर जाकर गिरे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह हादसा शुक्रवार देर रात अमरवाड़ा-चौरई रोड पर स्थित चौरसिया पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतकों की पहचान मृतकों की पहचान सुरखराम यादव (21), आयुष यादव (19), शहजाद खान (19), विक्रम उइके (18) और अविनाश उइके (18) के रूप में हुई है। जिनमें से सुखराम और आयुष एक ही परिवार के थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ये दोनों शहजाद के साथ बाइक पर सवार होकर एक बारात में शामिल होने के लिए अमरवाड़ा से छुई जा रहे थे। वहीं लिंगपानी गांव के रहने वाले विक्रम और अविनाश दूसरी बाइक पर सवार होकर शादी समारोह के लिए अमरवाड़ा आ रहे थे।
परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
चौरसिया पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइक आपस में टकरा गईं। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन घायलों को तुरंत अमरवाड़ा अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के समय पर इलाज न करने युवकों की जान नहीं बच पाई। परिजनों ने वहां जमकर हंगामा किया। जिसके बाद एसडीएम हेमकरण धुर्वे, एसडीओपी रविंद्र मिश्रा, तहसीलदार राजेश मरावी और टीआई राजेंद्र धुर्वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
