Bhopal: सावधान! राजधानी भोपाल में अब पति- पत्नी ने झगड़ा किया तो पुलिस भेजेगी सलाखों के पीछे। घरेलू हिंसा के बढ़ रहे आंकड़ों में कमी लाने के लिए भोपाल पुलिस ने एक नई कवायद शुरू की है। पुलिस का दावा है कि, इस नई तरकीब के बाद पारिवारिक विवादों में काफी हद तक कमी आएगी। पुलिस नवाचार के तहत पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने पर इसे शांतिभंग माना जाएगा। दंपत्ति के थाने पहुंचने पर उनके खिलाफ पुलिस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करेगी। इस अवधि के दौरान दोबारा कंपलेंट मिलने पर पुलिस आरोपी को जेल भेजेगी।
भोपाल पुलिस हेड क्वार्टर में डीएसपी विनीत कपूर के मुताबिक, पति-पत्नी के विवादों से परेशान पुलिस ने आला अधिकारियों से झगड़ों को रोकने के लिए बाउंड ओवर कार्रवाई की परमिशन मांगी थी। ये प्रपोजल लंबे समय से लंबित था। अब राजधानी में पुलिस आयुक्त प्रणाली शुरू हुई है तो इस प्रपोजल को हरी झंडी मिल गई। डीएसपी के मुताबिक, इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरूआत शहर के टीटी नगर थाने से हुई ।
