भोपाल

मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा; बस-ट्रक की भिड़ंत में 3 की मौत, 18 हुए घायल

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जहां शुक्रवार देर रात एक निजी बस ट्रक से टकराकर गहरे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए, जिनमें से तीन को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

Image

MP में बस और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत, 18 घायल

Photo : Times Now Digital

मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक निजी बस की ट्रक से टक्कर के बाद वो गहरे गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। ये दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर मक्सी बाईपास रोड पर शुक्रवार रात करीब ढाई बजे हुई। मक्सी थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल के अनुसार, इंदौर से गुना की ओर जा रही बस एक ट्रक से टकराई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में गिर गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और क्रेन की मदद से बस को निकाला। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे में बस चालक गुलाब सेन, ट्रक खलासी भवर सिंह और यात्री अमन चौरसिया की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

30 फीट गहरी खाई में गिरी बस

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कमला ट्रेवल्स की बस इंदौर से गुना की ओर जा रही थी। देर रात करीब ढाई बजे, शाजापुर से 28 किलोमीटर दूर मक्सी बायपास पर, सिरोलिया ब्रिज के पास बस की टक्कर एक डंपर से हो गई। इस भीषण दुर्घटना में बस 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बस ड्राइवर गुलाब सिंह (निवासी गुना), यात्री अमन चौरसिया (24, पुत्र विमल चौरसिया, निवासी महू) और डंपर चालक की मौत हो गई।

तेज रफ्तार से हुई टक्कर

हादसे की सूचना मिली, एसपी यशपाल सिंह राजपूत, एडिशनल एसपी टीएस बघेल, मक्सी थाना टीआई भीमसिंह पटेल समेत पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे। बस ड्राइवर के शव को क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया। पुलिस ने स्थानीय निवासियों की मदद से सभी घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला और यात्रियों का सामान भी सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार को माना जा रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article