Bhopal News: देश के तमाम शहरों में रोड रेज की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। विवाद को शांत करने की कोशिश भी होती है, लेकिन ज्यादातर मामलों में मारपीट तक नौबत आ जाती है। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में देखने को मिला। जहां बदमाश ने महिला को डराने की कोशिश की, लेकिन महिला धुरंधर निकली.. वह मर्दानी बनकर पिस्टलधारी बदमाश के आगे खड़ी हो गई।
दरअसल पूरा विवाद सड़क पर गाड़ी कटराने के बाद शुरू हुआ। आरोपी पिस्टल धारी बदमाश की बाइक एक स्कूटर से टकरा गई, जिससे स्कूटर सवार व्यक्ति ने विरोध जताया। स्कूटर की पिछली सीट पर एक महिला बैठी हुई थी। दोनों पक्षों में बहस होने लगी। इस बीच महिला स्कूटर से उतरकर बदमाश से बहस करने लगी।
बहस बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टल निकाल ली और धमकाने लगा। बदमाश को लगा था कि पिस्टल देखकर महिला डर जाएगी, लेकिन महिला डरने की बजाय उससे भिड़ गई, उसका विरोध किया। इस बीच बदमाश ने हवा में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर भी महिला तो नहीं डरी, लेकिन आसपास के लोग घबरा गए। गोली चलाने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गया।
भोपाल के बागमउराव दूल्हा इलाके में यह घटना बुधवार 8 अप्रैल की सुबह लगभग 11.50 बजे यानी दिनदहाड़े हुई। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, सीसीटीवी फुटेज काफी दूर से रिकॉर्ड हुई है, जिसमें पूरी घटना साफ-साफ नजर तो नहीं आ रही है। लेकिन महिला की बहादुरी इस धुंधले वीडियो (CCTV Footage) में भी स्पष्ट दिखाई दे रही है।
