शहर

Bhojpur News: यूपी से बिहार लाई जा रही थी 12 लाख की अवैध शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

Bhojpur News: भोजपुर जिले में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान ट्रक चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध शराब को यूपी से बिहार के वैशाली में सप्लाई किया जाना था।

liquor gurugram

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Bhojpur News: बिहार के भोजपुर जिले में नए साल से पहले अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग ने एक ट्रक से 12 लाख की अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस शराब की बड़ी खेप को उत्तर प्रदेश से बिहार के वैशाली लाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में ही इस ट्रक को जब्त कर लिया गया।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई

भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के निर्देश पर जिले में लगातार अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त रजनीश को गुप्त सूचना मिली कि यूपी से एक ट्रक में छिपाकर विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार भेजी जा रही है। इस सूचना के आधार पर निरीक्षक प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया ट्रक

वाहनों की चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को एनएच बक्सर-पटना फोरलेन पर गीधा थाना क्षेत्र के कायमनगर ओवरब्रिज के पास रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के ड्राइवर केबिन से सटे डाले में बने एक गुप्त तहखाने से करीब 950.400 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। टीम ने अलग-अलग ब्रांड की कुल 5,280 बोतलों को जब्त किया। जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान ट्रक चालक यश विशाल और उसके एक साथी देव कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी यश वैशाली के बाकरपुर उत्तरी गंगाजल का रहने वाला है।

वैशाली में खपत के लिए लाई जा रही थी अवैध शराब

छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र के साथ अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक रवि कुमार, सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा समेत मद्य निषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है अवैध शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश से वैशाली लाई जा रही थी। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article