शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे हुई दुर्घटना
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे हुई। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन हाईवे पर आमने-सामने से आ रहे थे, इसी दौरान उनके बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की आवाज और स्थिति की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
8 लोगों की मौत, तीन अन्य घायल
दुर्घटना के बाद मौके का मंजर बेहद भयावह था। बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पूरे घटना की जांच जारी
पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए साकोली उप-जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों को भी क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और क्या दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या कोई अन्य वजह थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
