शहर

टैक्सी ड्राइवर से इश्क...बीवी ने बैंक अधिकारी पति को दी खौफनाक मौत; अलवर में हत्या से सनसनी

राजस्थान के अलवर में टैक्सी ड्राइवर से अवैध संबंध के बीच महिला ने अपने बैंक अधिकारी पति की हत्या कर दी। पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा धमकी और साजिश से जुड़े संकेत मिले हैं।

Image

अलवर में बैंक अधिकारी की हत्या में पत्नी शामिल

अलवर से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मर्डर का मामला सामने आया है, जिसमें एक बैंक अधिकारी की मौत के पीछे उसकी पत्नी और उसके प्रेमी की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया, जिसने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। फिलहाल, पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

टैक्सी ड्राइवर के संपर्क में थी महिला

पुलिस के मुताबिक, मृतक बैंक अधिकारी की पत्नी का एक टैक्सी ड्राइवर से संपर्क हुआ, जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच संबंध इतने गहरे हो गए कि उन्होंने साथ रहने का फैसला कर लिया। लेकिन इस रिश्ते के रास्ते में सबसे बड़ी बाधा महिला का पति (बैंक अधिकारी) था। लिहाजा उसे हटाने के लिए दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपियों ने घर से नकदी और जेवरात लेकर भागने की योजना बनाई थी, ताकि हत्या के बाद फरार होने में आसानी हो। इसके बाद उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से बैंक अधिकारी की हत्या कर दी। शुरुआत में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का लग रहा था, लेकिन पुलिस को परिजनों से मिले इनपुट और कुछ अहम सबूतों ने जांच की दिशा बदल दी।

पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप्स

पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों में आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा धमकी और साजिश से जुड़े संकेत मिले हैं। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी अंगद शर्मा ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

रिपोर्ट-निर्मला कुमारी

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article