शहर

Bahraich News: सपा की पूर्व सांसद रुबाब सईदा का निधन, जानिए कैसा था उनका राजनीतिक सफर

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 6, 2024, 06:07 PM IST

बहराइच से समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद रुबाब सईदा का निधन हो गया। उन्हें दो दिन पूर्व उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।

Image

पूर्व सांसद रुबाब सईदा का निधन

Photo : Twitter

बहराइच: बहराइच से समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद रुबाब सईदा का मंगलवार सुबह अलीगढ़ के एक अस्पताल में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह 74 वर्ष की थीं। सईदा के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, वह बीते कुछ दिन से अस्वस्थ थीं और अलीगढ़ में अपनी पुत्री डॉक्टर अलवीरा शाह के पास रह रही थीं। दो दिन पूर्व उन्हें दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ के वकार अहमद शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में अंतिम सांस ली।

अलीगढ़ में ली अंतिम सांस

सूत्रों ने बताया कि परिजन उनका पार्थिव शरीर लेकर अलीगढ़ से बहराइच के लिए रवाना हो चुके हैं जिनके शाम पांच बजे तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद का अंतिम संस्कार देर शाम शहर के छड़े शाह तकिया कब्रिस्तान में किया जाएगा।

जानिए उनका राजनीतिक सफर

सईदा वर्ष 2004 में बहराइच लोकसभा सीट से सपा के टिकट पर सांसद चुनी गई थीं। वह साल 1995 में बहराइच जिला परिषद की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। मेरठ से उच्च शिक्षा प्राप्त रुबाब सईदा बहराइच के तारा गर्ल्स इण्टर कॉलेज की प्रधानाचार्या भी रही थीं। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री है। उनके बेटे यासर शाह बहराइच की मटेरा सीट से दो बार विधायक और वर्ष 2012 से 2017 के बीच सत्ता में रही अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। यासर की पत्नी मारिया मटेरा सीट से वर्तमान विधायक हैं। सईदा की बेटी डॉक्टर अलवीरा शाह अलीगढ़ में रहती हैं। सईदा के पति वकार अहमद शाह भी लंबे समय तक सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे थे। वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे थे।

End of Article