शहर

त्योहार करीब, जेब खाली! अयोध्या के सफाईकर्मियों का फूटा गुस्सा, 'काम बंद' का किया ऐलान

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने से नाराज 3,000 सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी है। होली से पहले शहर की सफाई व्यवस्था पर संकट मंडरा रहा है।

Image

अयोध्या में सड़कों पर उतरे सफाईकर्मी

Photo : Times Now Digital

Ayodhya News: अयोध्या में होली के त्योहार से ठीक पहले शहर की स्वच्छता व्यवस्था में भारी अव्यवस्था सामने आई है। पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने से गुस्साए करीब 3,000 सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को काम बंद कर दिया और सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि मिलने तक हड़ताल जारी रहेगी।

सफाई कर्मचारियों ने शहर के कई इलाकों में प्रदर्शन किया। सहादतगंज से लेकर लता मंगेशकर चौक तक कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए वेतन भुगतान की मांग उठाई। आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक उनके बैंक खातों में वेतन नहीं भेजा गया।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें बार-बार आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन भुगतान अब तक नहीं हुआ। कर्मचारियों के अनुसार अब उन्हें भरोसा दिलाया गया है कि 2 मार्च तक वेतन खाते में जमा कर दिया जाएगा, हालांकि वे सवाल उठा रहे हैं कि यदि बैंक में अवकाश रहेगा तो भुगतान कैसे संभव होगा।

हड़ताल पर बैठे एक सफाई कर्मचारी ने आईएएनएस से कहा, "अगर हमें वेतन नहीं मिलेगा तो हम काम पर वापस नहीं लौटेंगे। तीन महीने से पैसा नहीं मिला है, इसलिए हम हड़ताल पर हैं। अधिकारियों ने कहा है कि वेतन कल मिलेगा।"

एक अन्य कर्मचारी ने बताया, "दो से तीन महीने हो गए वेतन नहीं मिला। हमारे कुछ साथी बीमार हैं। अगर उन्हें पैसा नहीं मिलेगा तो वे अस्पताल में इलाज कैसे कराएंगे?"

तीसरे कर्मचारी ने कहा, "हम शहर की सफाई के जिम्मेदार हैं, लेकिन पिछले तीन महीनों से हमें वेतन नहीं मिला। तारीखें बार-बार आगे बढ़ाई जा रही हैं। पहले कहा गया था आज मिलेगा, फिर कहा गया मार्च में मिलेगा।"

एक अन्य कर्मचारी ने यह भी बताया कि उन्हें पूरा वेतन भी नहीं मिल रहा है। कभी 8 हजार रुपए, कभी 9 हजार रुपए ही मिलते हैं। त्योहार नजदीक है, फिर भी भुगतान नहीं हुआ। आज हम काम नहीं कर रहे और हड़ताल पर हैं। तीन हजार से अधिक कर्मचारी हैं और अधिकांश इसी समस्या से जूझ रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!