शहर

अयोध्या में 31 दिसंबर को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ, आज से शुरू होंगे अनुष्ठान

Ayodhya News: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विशेष आयोजनों की शृंखला 27 दिसंबर से शुरू होकर 2 जनवरी तक चलेगी, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

Image

आयोजन में भारी संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Ram Mandir Pran Pratishtha: पवित्र नगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ 31 दिसंबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस अवसर पर देश-विदेश से श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर मंदिर परिसर और पूरे शहर में उत्सव का माहौल है।

आज से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान

श्री राम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े गोपाल जी के अनुसार, प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान आज से शुरू हो चुके हैं। मुख्य समारोह 31 दिसंबर को ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के दिन आयोजित किया जाएगा, जबकि पूजन और अन्य कार्यक्रम 2 जनवरी 2026 तक जारी रहेंगे।

31 दिसंबर को होगा मुख्य समारोह

हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष प्रतिष्ठा द्वादशी 31 दिसंबर को पड़ रही है। इसी दिन राम मंदिर में विशेष पूजा-पाठ और अनुष्ठान किए जाएंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी उपस्थिति रहेगी। राम मंदिर में होने वाले पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान जगद्गुरु माधवाचार्य की देखरेख में संपन्न कराए जाएंगे। मंदिर प्रशासन के अनुसार विधि-विधान के साथ सभी धार्मिक क्रियाएं की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभव मिल सके।

29 दिसंबर को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ 29 दिसंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में रामकथा आधारित प्रस्तुतियां, भजन-कीर्तन और अन्य सांस्कृतिक आयोजन शामिल होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुग्रीव पथ के माध्यम से अंगद टीला तक आवागमन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वजारोहण

31 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वज फहराएंगे और प्रतिष्ठा द्वादशी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गोपाल जी ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article