शहर

गुजरात में AAP कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर सियासत तेज, केजरीवाल ने सीएम भूपेंद्र पटेल से मांगा मिलने का समय

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में कार्यकर्ताओं की कथित गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय निकाय चुनाव से पहले बड़े स्तर पर “आप” कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है और अब तक 160 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

Image

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से मुलाकात की मांग की (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Gujarat News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की कथित अवैध गिरफ्तारी को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत और नगर पालिका चुनावों से पहले बड़े पैमाने पर “आप” कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। केजरीवाल के मुताबिक, अब तक 160 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है और आने वाले दिनों में 10 हजार से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा घबराई हुई है और इसी वजह से ऐसी कार्रवाई की जा रही है।

अपने पत्र में किया इसका जिक्र

अपने पत्र में केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में पिछले तीन दशकों से भाजपा की सरकार है और जनता कथित तौर पर भ्रष्टाचार व दमन से परेशान रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में लंबे समय तक कोई मजबूत राजनीतिक विकल्प नहीं था, लेकिन आम आदमी पार्टी के रूप में अब लोगों को नया विकल्प मिला है, जिससे पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने हाल के कुछ मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं से विवाद और मारपीट

केजरीवाल के अनुसार, कई घटनाओं में पहले अज्ञात लोग कार्यकर्ताओं से विवाद और मारपीट करते हैं, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर एकतरफा कार्रवाई करते हुए “आप” कार्यकर्ताओं को ही गिरफ्तार कर लेती है और उन पर गंभीर धाराएं, जैसे हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दिया जाता है। उन्होंने खंभालिया, पोरबंदर और जामनगर की घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि इन मामलों में भी पीड़ित पक्ष को ही आरोपी बनाया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि कई कार्यकर्ताओं के घरों पर पुलिस जाकर उन्हें धमका रही है और राज्य छोड़ने तक की चेतावनी दी जा रही है।

केजरीवाल ने बताया पूर्व नियोजित साजिश

केजरीवाल ने इसे पूर्व नियोजित साजिश करार देते हुए कहा कि इसका मकसद स्थानीय निकाय चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को कमजोर करना है, ताकि वह चुनाव मैदान में मजबूती से उतर ही न सके। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर विपक्षी नेताओं को जेल में डालकर ही चुनाव जीतना है, तो फिर चुनाव कराने का औचित्य क्या रह जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार होने के बावजूद वहां इस तरह की कार्रवाई नहीं की जाती, क्योंकि उनकी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखती है। अंत में केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की जनता सब देख रही है और वह इस तरह के दबाव में नहीं आएगी। उन्होंने बताया कि वह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही गुजरात आकर पार्टी नेताओं के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात करना चाहते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article