शहर

अमृतसर पुलिस को मिली बड़ी सफलता: ISI से जुड़ा अपराधी हरजिंदर हैरी मुठभेड़ में ढेर, साथी फरार

अमृतसर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी और विदेशी गैंगस्टर के साथ संबंध करने वाले कुख्यात अपराधी हरजिंदर हैरी को मुठभेड़ में मार गिराया। इस मुठभेड़ में मौके देख हैरी का साथी फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

Image

अमृतसर पुलिस ने ISI से जुड़ा अपराधी हरजिंदर हैरी मुठभेड़ में मार गिराया

Amritsar News: पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित तौर पर संबंध रखने वाले एक कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया। अधिकारी ने बताया कि अमृतसर के एंटी-गैंगस्टर ऑपरेशन सेल को अपराधी हरजिंदर हैरी और उसके सहयोगी सनी के शहर में एक्टिव होने की सूचना मिली थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हैरी के तार पाकिस्तान स्थित आईएसआई और अन्य विदेशी गैंगस्टरों के साथ जुड़े हुए थे। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को मार गिराया।

मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी ढेर

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों अपराधियों को चेक प्वाइंट पर रोका गया, जिसके बाद अपराधियों ने तुरंत पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। शुरू में पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए हवा में फायरिंग कर चेतावनी दी। लेकिन अपराधियों ने पुलिस की नहीं सुनी और उन पर लगातार फायरिंग करते रहे। इस फायरिंग में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी हरजिंदर हैरी को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच उसका साथी सनी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने उसकी तलाशी में सघन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने अपराधियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

जब्त फोन से ISI कनेक्शन का खुलासा

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने हैरी के आईएसआई कनेक्शन का खुलासा किया और बताया कि मृत अपराधी के पास से जब्त किए फोन की जांच में आभासी विदेशी नंबर मिले हैं। उन्होंने बताया कि ये नंबर स्पष्ट रूप से संकेत देते हैं कि हैरी सीमा पार की खुफिया एजेंसी आईएसआई और विदेशी गैंगस्टरों के साथ लगातार संपर्क में था और उनके इशारे पर काम कर रहा था। इस मुठभेड़ से यह भी साबित होता है कि आईएसआई पंजाब में टारगेट किलिंग के जरिए अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article