शहर

Dehradun News: देहरादून में नाबालिग को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ FIR

देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में 15 वर्षीय लड़की को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता कानून के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

फाइल फोटो

Uttarakhand News: देहरादून के डोईवाला इलाके से एक किशोरी से जुड़ा कथित धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कियाहै। आरोप है कि 15 वर्षीय लड़की को प्रेम जाल में फंसाकर उसे बहला-फुसलाकर धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया गया। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।

लड़की की मां ने पड़ोसी पर लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता की मां ने डोईवाला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी और बेटे के साथ एक किराए के मकान में रहती है। उनके पड़ोस में एक अन्य परिवार भी किराए पर रह रहा था। आरोप है कि उस परिवार का एक सदस्य राशिद उनके घर अक्सर आता-जाता रहता था। पीड़िता की मां का आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में राशिद लड़की से बातचीत करता था। उसने धीरे-धीरे लड़की को अपने प्रभाव में ले लिया और बाद में प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद युवक ने उसे अपने धर्म के रीति-रिवाज अपनाने के लिए उकसाया, जिसमें पहनावा, भाषा और व्यवहार शामिल थे। समय के साथ लड़की में ये बदलाव नजर भी आने लगे।

आरोपियों के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। जिनमें एक महिला भी शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। गौरतलब है कि उत्तराखंड में लागू धर्म परिवर्तन कानून के तहत किसी भी व्यक्ति को धोखे, दबाव, प्रलोभन या शादी के माध्यम से धर्म बदलने के लिए मजबूर करना अपराध है। इस तरह के मामलों में कड़ी सजा का प्रावधान है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article