शहर

Uttarakhand: दिवाली पर धामी सरकार ने खोला खजाना, महंगाई भत्ते के साथ बोनस का डबल तोहफा

Uttarakhand News: दिवाली के असवर पर उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी सरकार ने कर्मचारियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। धामी सरकार ने राज्य कर्मियों के लिए महंगाई भत्ते यानी डीए में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की। इतना ही नहीं अधिकारियों को बोनस देने का भी फैसला किया।

Image

उत्तराखंड सरकार ने किया महंगाई भत्ते के साथ बोनस का ऐलान (फोटो - ANI)

Uttarakhand News: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और शिक्षकों को दीपावली से पहले बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य कर्मियों के महंगाईभत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इसके साथ ही कर्मचारियों और अधिकारियों को बोनस देने का भी फैसला लिया गया है।

दिवाली का बड़ा तोहफा

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, सरकार के इस निर्णय से राज्य के ढाई लाख से अधिक कर्मचारी और शिक्षक लाभान्वित होंगे। अब राज्य कर्मचारियों का डीए 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है। कर्मचारियों को जुलाई से अक्टूबर 2025 तक के बढ़े हुए भत्ते का भुगतान किया जाएगा। सरकार ने घोषणा की है कि 4,800 ग्रेड पे तक के कर्मचारियों को दीपावली बोनस मिलेगा। बोनस की अधिकतम सीमा 7,000 रुपए तय की गई है। वहीं, दैनिक वेतन भोगी और कैजुअल श्रेणी के कर्मचारियों को कुछ शर्तों के साथ 1,200 रुपए तक का बोनस दिया जाएगा।

उत्तराखंड सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाना और त्योहारी सीजन में आर्थिक राहत देना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की भलाई के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार ने कर्मचारियों के लिए पदोन्नति के मानकों में शिथिलता लाने का भी निर्णय लिया है ताकि अधिक से अधिक कर्मियों को प्रमोशन का अवसर मिल सके। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रमोशन कोटा में वृद्धि करने की भी घोषणा की गई है।

डीए बढ़ाने और बोनस देने के अलावा, सरकार ने पात्र कर्मचारियों को उत्पादकता असंबद्ध तदर्थ बोनस देने का भी ऐलान किया है। यह बोनस उन कर्मचारियों को मिलेगा जो सरकारी कार्यों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। इस फैसले से राज्यभर के कर्मचारियों में खुशी की लहर है। दीपावली से ठीक पहले मिली इस राहत को कर्मचारियों ने 'त्योहार का तोहफा' बताया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article