आगरा

Lock Museum: UP में यहां बनेगा ताला संग्रहालय, म्यूजियम में मौज-मस्ती का होगा इंतजाम; इतने दिन में होगा कंपलीट

Aligarh Lock Museum: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ताला संग्रहालय स्थापित करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत लगभग 27 करोड़ की लागत से सबसे बड़ा ताला संग्रहालय (लॉक म्यूजियम) विकसित किया जाएगा।

Image

अलीगढ़ ताला संग्रहालय (सांकेतिक फोटो)

अलीगढ़ : अलीगढ़ नगर निगम के ताला संग्रहालय की स्थापना के प्रस्ताव को योगी सरकार की ओर से हरी झंडी दे दी गई है, जिसका उद्देश्य 150 साल से अधिक पुराने ताला उद्योग की जड़ों को प्रदर्शित करना है। अलीगढ़ के नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीना ने शनिवार को बताया, ‘‘ताला और तालीम के नाम से पहचाने जाने वाले अलीगढ़ की आने वाले दिनों में ‘लॉक म्यूजियम’ के नाम से नयी पहचान बनने जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत लगभग 27 करोड़ की लागत से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सबसे बड़ा ताला संग्रहालय (लॉक म्यूजियम) बनने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ताला संग्रहालय की कार्य योजना की स्वीकृति नगर विकास मंत्रालय द्वारा दे दी गई है तथा अब संग्रहालय बनाने के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी और शासन से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद ताला संग्रहालय बनाने की कवायद जोर पकड़ेगी। मीना ने कहा कि अलीगढ़ का पुराना ताला उद्योग भविष्य में यहां उद्योग और रोजगार को सुनहरा अवसर देने जा रहा है। ताला संग्रहालय शहर के विकास के लिए एक मिसाल बनेगा, इसकी डीपीआर एक अनुभवी विशेषज्ञ द्वारा तैयार की जाएगी, बेहतरीन से बेहतरीन डिजाइन को अंतिम रूप देकर शासन को भेजा जाएगा और शासन से मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आने वाले 6-7 महीनों में ताला संग्रहालय का निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

भारत के ताला शहर में आएंगे दुनिया भर के विशेषज्ञ

मीना ने कहा कि हस्तनिर्मित तालों से शुरू होने वाले ताला निर्माण उद्योग के पूरे इतिहास का पता लगाने के अलावा, संग्रहालय परियोजना में एक विशेष खंड की परिकल्पना की गई है, जो ताला उद्योग के आधुनिकीकरण एवं अत्याधुनिक तकनीक के साथ इसे अद्यतन करने के उद्देश्य से पहल के लिए एक मंच प्रदान करेगा। संग्रहालय दुनिया भर के तकनीकी विशेषज्ञों को 'भारत के ताला शहर' में आमंत्रित करेगा।

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि अलीगढ़ में ताला संग्रहालय अलीगढ़ नगर निगम का एक सराहनीय अभिनव प्रयास है। उनका कहना है कि ताला संग्रहालय अलीगढ़ के उद्योग जगत को नई दिशा देने में भी उपयोगी साबित होगा। ताला संग्रहालय के निर्माण से देश-विदेश से लोग अलीगढ़ आएंगे। अलीगढ़ के आसपास के कई जिलों के नागरिक, व्यापारी और स्कूली बच्चे इस संग्रहालय में विभिन्न प्रकार के ताले बनाने की यात्रा देख सकेंगे। मंडलायुक्त के अनुसार इसके साथ ही इस संग्रहालय में बच्चों के खेलकूद, मौज-मस्ती, फूड क्राफ्ट की भी व्यवस्था होगी और यह पूरी तरह से आत्मनिर्भर होगा। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि ताला संग्रहालय इस (नगर निगम) बोर्ड के कार्यकाल की सबसे अच्छी सौगात होगी।

अग्रणी ताला निर्माता विजय कुमार बजाज ने कहा कि ताला संग्रहालय एक बहुत ही दिलचस्प नवाचार है, जो इस क्षेत्र में नई ऊर्जा बहाल करने के लिए एक केंद्र बिंदु के रूप में काम कर सकता है। बजाज का परिवार 75 वर्षों से अधिक समय से इस उद्योग से जुड़ा हुआ है, और अलीगढ़ में ताले बनाने के अग्रदूतों में से एक हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article