आगरा

Agra Metro: स्टेशन पर लगेगी खास लिफ्ट, 3-D सेंसर और ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस से होगी लैस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 18, 2023, 10:40 PM IST

Agra Metro: आगरा मेट्रो शहरवासियों को आसान और सुरक्षित सफर कराएगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉपोरेशन आगरा मेट्रो तैयार कर रहा है। आगरा मेट्रो स्टेशन पर ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस और ओवर स्पीड गवर्नर तकनीक से लैस लिफ्ट लगेंगी। आगरा मेट्रो की सभी लिफ्ट के दरवाजों में 2डी और 3डी सेंसर लगे होंगे।

Image

आगरा में मेट्रो स्टेशनों खास तरीके की लग रही हैं लिफ्ट

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • आगरा मेट्रो स्टेशन पर लगेंगी खास तरीके की लिफ्ट
  • लिफ्ट के दरवाजों में लगे होंगे 2डी और 3डी सेंसर
  • हर एलिवेटेड स्टेशन पर लगेंगी चार लिफ्ट


Agra Metro: ताजनगरी आगरा में मेट्रो रेल का कार्य तेजी से हो रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों समेत सभी शहरवासियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर आगरा मेट्रो को तैयार किया जा रहा है। आगरा में मेट्रो के सभी स्टेशनों पर ऑटोमेटिक रेस्क्यू डिवाइस एवं ओवर स्पीड गवर्नर तकनीक से लैस लिफ्ट लगेंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉपोरेशन की ओर से ग्राउंड लेवल से कॉन्कोर्स और कॉन्कोर्स से प्लेटफार्म तक जाने के लिए लिफ्ट एवं एस्किलेटर्स लगाए जा रहे हैं।

प्रायोरिटी कॉरिडोर में हर एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन पर चार लिफ्ट और तीन एस्किलेटर लगाए जाएंगे। आगरा में मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद एलिवेटिड स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट और एस्किलेटर्स होंगे, इसकी सहायता से बुजुर्ग, दिव्यांग और जरूरतमंद यात्री आसानी से मेट्रो सेवा का फायदा उठा पाएंगे।

मेट्रो की लिफ्ट में ओवर स्पीड गवर्नर लगेगा

आगरा मेट्रो की लिफ्ट के सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी लिफ्ट में अलार्म बटन लगेगा। आगरा मेट्रो में यात्रा के दौरान यदि किसी शख्स को लिफ्ट का इस्तेमाल करते समय कोई परेशानी आती है तो वह इस अलार्म बटन को दबाकर एवं लिफ्ट में लगे इंटरकॉम की मदद से कर्मचारियों और स्टेशन कंट्रोलर को सूचना दे देगा। आगरा मेट्रो के स्टेशन में लगाई जाने वाली लिफ्ट ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस (स्वचालित बचाव उपकरण) से लैस होंगी। पावर कट की स्थिति में यह उपकरण लिफ्ट को पास के फ्लोर पर लाएगा और स्वचालित रूप से लिफ्ट का दरवाजा खोल देगा, इसके बाद लिफ्ट में फंसे यात्री आसानी से बाहर आ सकेंगे। साथ ही आगरा मेट्रो की लिफ्ट में ओवर स्पीड गवर्नर नाम का सुरक्षा उपकरण लगा होगा जो कि तेज गति के मामले में लिफ्ट को अपने आप ही रोक सकेगा।

लिफ्ट के दरवाजों में लगे होंगे 2डी और 3डी सेंसर

यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से आगरा मेट्रो की सभी लिफ्ट के दरवाजों में 2डी और 3डी सेंसर लगे होंगे। यह सेंसर लिफ्ट के दरवाज़ों के बीच में किसी शख्स या सामान के होने का पता लगाकर दरवाज़ों को बंद होने से रोक लेंगे। लिफ्ट के दरवाजों में डोर लॉक सेफ्टी स्विच भी होगा, दरवाजे पूर्णत: लॉक होने के बाद ही यह लिफ्ट को चलने देगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article