Agra Shah Jahan Park: जिले, चौराहे और पार्क के नाम बदलने की सियासत जारी है। इसी क्रम में अब ताजनगरी आगरा में ताजमहल और आगरा किला के बीच बने शाहजहां पार्क को नया नाम मिल गया है। शाहजहां पार्क का नया नाम अब गीता गोविंद वाटिका होगा। अब इसी नाम से शाहजहां पार्क जाना जाएगा। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। हालांकि इससे पहले भी शाहजहां पार्क का नाम बदला जा चुका है। इससे पहले शाहजहां पार्क को क्वीन विक्टोरिया पार्क के नाम से जाना जाता था।
ताजनगरी में अब तक कुल 41 चौराहों के नाम बदल चुके हैं। अब पार्कों के नाम भी बदले जाने लगे हैं। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अधिकारियों के साथ बैठक कर पार्क का नाम बदलने के लिए निर्देश दिए हैं।
