आगरा

Holi: ठाकुर बांके बिहारी के संग होली खेलने का अलग ही आनंद, आप भी यहां हो सकते हैं रंगों संग भक्ति में सराबोर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 7, 2023, 03:52 PM IST

Holi Celebration: रंगों के त्योहार होली का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। आठ मार्च को रंगों की होली खेली जाएगी। पूरे देश में होली पर्व बहुत धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया जाता है। वहीं, यूपी के मथुरा में होली में शामिल होने के लिए दूर दराज से लोग पहुंचते हैं। विदेशी पर्यटक भी मथुरा में बरसाना की होली और बांके बिहारी मंदिर के होलिकोत्सव में शामिल होने के लिए आते हैं। अगर होली के मौके पर आप भी घर से बाहर कहीं घूमने जाने का प्लान कर रहे हैं तो मथुरा जा सकते हैं। यहां की होली सबसे प्रसिद्ध है।

Image

बांके बिहारी मंदिर में होली की धूम

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में होली के पर्व की धूम
  • बांके बिहारी मंदिर में होने वाले भव्य समारोह
  • बांके बिहारी लाल के संग होली खेलने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़


Banke Bihari Mandir Holi: उत्तर प्रदेश में मथुरा की होली दुनिया में मशहूर है। दुनिया भर से लोग होली पर भव्य उत्सव देखने के लिए मथुरा पहुंचते हैं, क्योंकि इस शहर को भगवान कृष्ण की जन्मस्थली के रूप में भी पहचाना जाता है। नौ दिनों तक चलने वाले उत्सव के दौरान लोग यहां फूलों और रंगों से होली खेलते हैं। सूखे रंग, पानी के गुब्बारे और वाटर गन से होली खेली जाती है। आपको मथुरा में बांके बिहारी मंदिर में होने वाले भव्य समारोह का हिस्सा बनकर खुशी होगी। बांके बिहारी मंदिर के होलिकोत्सव में शामिल होने और बांके बिहारी लाल के संग होली खेलने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बरसाना की लट्ठमार होली दुनियाभर में प्रसिद्ध है। कृष्ण नगरी मथुरा, वृंदावन और बरसाना में होली काफी मशहूर है। यहां होली खेलने का अंदाज बहुत निराला है।

कहीं फूलों की होली तो कहीं रंग-गुलाल लगाए जाते हैं। इसके अलावा लड्डू और कहीं लट्ठमार होली मनाने की परंपरा है। यहां होली मनाने के लिए विदेशी पर्यटक भी दूर-दूर से पहुंचते हैं। यहां की लट्ठमार होली भी काफी मशहूर है, महिलाएं लाठी लेकर पुरुषों पर बरसाती हैं तो पुरुष एक ढाल से उसे रोकते हैं। यह देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।

बरसाना की लड्डू होली

बरसाना में ही लठमार होली की तरह लड्डू मार होली भी खेली जाती है। होली से कुछ दिन पहले ही लड्डू मार होली खेली जाती है। मंदिर में पहले पंडित लड्डू का भोग लगाते हैं, इसके बाद भक्तों पर लड्डू फेंकते हैं। इसके अलावा, वृंदावन में स्थित प्रेम मंदिर राधा रानी और श्रीकृष्ण को समर्पित है। देश भर से होली का त्योहार को मनाने के लिए लोग यहां आते हैं। कई दिन पहले से ही मंदिर में तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस मंदिर की सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी के आकर्षक नजारे आकर्षण का केंद्र बनते हैं। आप भी होली पर यहां आकर आनंद ले सकते हैं।

बांके बिहारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़

उधर, बांके बिहारी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का रेला मंदिर परिसर में उमड़ रहा है। विभिन्न टोलियों में गुलाल के कट्टे, सिलिंडर वाला गुलाल लेकर लोग मंदिर पहुंच रहे हैं। सोमवार को सेवायतों ने ठाकुरजी की प्रसादी गुलाल, टेसू का रंग और विभिन्न होली के हर्बल रंगों को भक्तों पर उड़ेला। मंदिर का आंगन इस दौरान विभिन्न रंगों में सराबोर हो गया। इस दौरान भक्तों ने भी नाचते गाते हुए जमकर धमाल मचाया। आंगन में आने वाले श्रद्धालु लाल-पीले, हरे-नीले रंगों में रंगे मंदिर से बाहर निकलते दिखाई दिए। मंदिर सेवायत मयंक गोस्वामी ने बताया कि रंगभरनी एकादशी से शुरू हुआ रंगीली होली महोत्सव का समापन मंगलवार को होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article