Corona in Agra: यूपी के आगरा में कोविड का खौफ दिखाई दे रहा है। पर्यटन नगरी में नववर्ष के जश्न का जोश दिखाई नहीं दे रहा। होटल न्यू ईयर पार्टियों के लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। निजी स्थलों पर भी पार्टियों का आयोजन तय नहीं हुआ है। नए साल का जश्न ठंडा पड़ा है। दरअसल, आगरा में अब तक विदेश से आए दो लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें से एक आगरा का रहने वाला है। यह सीधे चीन से आया था। जबकि दूसरा ताजमहल का दीदार करने आया पर्यटक था। वह अभी स्वास्थ्य विभाग की पकड़ से बाहर है।
आपको बता दें कि विदेशियों के साथ-साथ देशी पर्यटक भी आगरा के होटलों को काफी पसंद करते हैं। लग्जरी सुविधा होने के बावजूद यह महानगरों के होटल्स से भी सस्ते हैं। विशेषकर दिल्ली, नोएडा से आगरा के होटल काफी सस्ते होते हैं। लेकिन कोरोना के खौफ ने बुकिंग को प्रभावित कर दिया है।
एक जनवरी तक हल्का और मध्यम स्तर का कोहरा रहने के आसार
वहीं, दूसरा संकट मौसम बना हुआ है। साल के आखिरी दिनों में कोहरा और गहराएगा। ऐसे में हाईवे, एक्सप्रेस-वे पर यात्रा करना खतरनाक हो जाता है। ऐसे में इसका प्रभाव भी पर्यटन उद्योग पर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि एक जनवरी तक हल्का और मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इसके बाद घना कोहरा होने के आसार हैं। रात का तापमान कम और दिन में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा होकर 23.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होकर 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
रिजर्वेशन रद्द करा रहे हैं लोग
कोरोना के कारण न्यू ईयर पर छुट्टियां मनाने का निर्णय अब कुछ लोगों ने वापस लेना भी शुरू कर दिया है। आगरा से कई स्थलों के लिए पहले रिजर्वेशन कराने वाले लोग रिजर्वेशन रद्द करा रहे हैं। रेलवे से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रोजाना 500 से 700 लोग अलग-अलग शहरों के लिए कराए रिजर्वेशन को कैंसिल करा रहे हैं। इनमें ऑनलाइन रिजर्वेशन कराने वालों का आंकड़ा ज्यादा है।
