Agra Bridges: ताजनगरी के लोगों के लिए जी20 समिट खुशखबरी लेकर आया है। अगले महीने जी20 देशों का प्रतिनिधिमंडल 11 से 13 फरवरी तक ताजमहल और आगरा के किले का दीदार करने आएगा। जी20 देशों के प्रतिनिधिमंडल के लिए ताजनगरी के खेरिया हवाई अड्डे के रास्ते में पड़ने वाले ईदगाह रेलवे पुल और यमुना पर बने आंबेडकर पुल की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा यमुना में भी अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा। इससे ताजमहल से पार्श्व में देखने पर यमुना लबालब दिखाई देगी। लखनऊ से आगरा आए नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
इस दौरान प्रमुख सचिव ने फतेहाबाद रोड पर लोक निर्माण विभाग और मेट्रो के कार्यों की धीमी रफ्तार पर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। उन्होंने चेतावनी देते हुए तत्काल कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रतिनिधिमंडल पर होगी पुष्पवर्षा
जी20 देशों का प्रतिनिधिमंडल जिन रास्तों से गुजरेगा उन मार्गों की दुकानों और बाजारों पर एक रंग एवं साइज के बोर्ड टंगे दिखाई देंगे। नगर निगम इसका डिजाइन तय करेगा। चौराहों और फुटपाथ का सुंदरीकरण किया जाएगा। तीन शिफ्ट में शहर को सजाने और संवारने का काम होगा। इसके लिए रूट डायवर्जन भी होगा। हर विभाग का एक माइक्रो प्लान तैयार किया जाएगा। जबकि पूरे शहर की एक डीपीआर बनाई जाएगी। शहर के एक चौराहे और सड़क का नामकरण भी जी20 के नाम पर किया जाएगा। इस रास्ते से गुजरने वाले जी20 देशों के प्रतिनिधियों पर पुष्पवर्षा भी होगी। पुष्पवर्षा के लिए जगह भी चिह्नित की जाएगी।
उदयपुर की तर्ज पर संवरेगी ताजनगरी
आगरा नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण, पर्यटन, संस्कृति विभाग, सेतु निगम, लोक निर्माण, छावनी परिषद, उद्यान विभाग, पुलिस और प्रशासन को जी20 प्रतिनिधिमंडल की तैयारियों के लिए जिम्मेदारी दी है। गौरतलब है कि जी20 देशों का प्रतिनिधिमंडल आगरा से पहले कोलकाता और राजस्थान के उदयपुर जाएगा। कोलकाता और उदयपुर में जैसे तैयारियां और व्यवस्थाएं होंगी उसी तर्ज पर आगरा को भी संवारा जाएगा। इसके लिए प्रमुख सचिव ने कई विभागों के समन्वय से एक टीम कोलकाता और उदयपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। आगरा में दीवारों पर चित्रकारी की जाएगी। वर्टिकल गार्डन लगाए जाएंगे। यह सभी काम 31 जनवरी तक पूरे किए जाने हैं।
