Bareilly Train Accident: बरेली में सोमवार सुबह बड़ा ट्रेन हादसा टल गया। जहां रेलवे ट्रैक में दरार के आगरा फोर्ट रामनगर एक्सप्रेस पलटने से बच गई। पेट्रोलिंग के दौरान कर्मचारियों ने रेलवे ट्रैक में दरार देखकर कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद ट्रेन को इज्जतनगर स्टेशन पर रोका गया और इंजीनियरों ने पटरी की मरम्मत की। जिसके बाद ट्रेन को यहां से रवाना किया गया।
पटरी पर करीब एक इंच का क्रैक
ट्रेन नंबर 15055 आगरा फोर्ट रामनगर एक्सप्रेस रविवार रात 8:53 बजे आगरा फोर्ट से चलकर सोमवार तड़के 4:04 बजे इज्जतनगर पहुंची थी। ट्रैकमैन प्रेमपाल और हरीबाबू इज्जतनगर और भोजीपुरा के बीच रेलवे क्रॉसिंग संख्या 236बी के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें ट्रैक पर करीब एक इंच का क्रैक दिखाई दिया। ट्रैकमैन ने तुरंत ही रेल लाइन में फैक्चर की सूचना कंट्रोल रूप में दिया। जिससे सही समय पर ट्रेन को इज्जतनगर स्टेशन पर ही रोक दिया गया।
20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रवाना हुई ट्रेन
रेलवे की इंजीनियरिंग टीम ने 45 मिनट में पटरी की मरम्मत की। जिसके बाद ट्रेन 20 किमी प्रति घंटा के कॉशन के साथ इज्जतनगर से रवाना की गई। जिस जगह पर रेलवे ट्रैक में दरार आई थी, वहां पर ट्रेन की औसत रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रहती है। ऐसे में ट्रेन के यहां से गुजरने पर बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन पेट्रोलिंग कर्मचारियों की सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
पटरी के सिकुड़ने से खुला ज्वाइंट
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि तापमान में कमी आने पर रेलवे ट्रैक सिकुड़ने की वजह से इस तरह की दरार आती है। इज्जतनगर और भोजीपुरा के बीच भी ट्रैक के सिकुड़ने से ही ज्वाइंट खुला था। उन्होंने बताया कि सभी रेलवे सेक्शन में पेट्रोलिंग को बढ़ाया गया है।
