शहर

10 Din Ka Mausam: उत्तर से दक्षिण तक बदलेगा मौसम, आंधी-बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का दौर होगा तेज; जानें IMD का पूर्वानुमान

Agle 10 Din Ka Mausam: अगले 10 दिनों का मौसम (01 April to 10 April 2026), दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में अगले 10 दिनों का मौसम कैसा रहेगा? 10 दिनों में ठंड का मौसम (Next 10 Days IMD Weather Forecast): मार्च और अब अप्रैल, देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है, जहां धूप और बारिश के बीच कश्मकश बनी हुई है। कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं आंधी, बारिश, बिजली और ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं, जिससे खासतौर पर किसानों को नुकसान झेलना पड़ा है। अब अप्रैल के पहले दस दिनों को लेकर सवाल बढ़ गया है कि आखिर आने वाले दिनों में मौसम राहत देगा या फिर इसी तरह करवट बदलता रहेगा। ऐसे में आइए जानें इसके बारे में।

Image

अगले 10 दिनों का मौसम (1 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Agle 10 Din Ka Mausam: कभी धूप तो कभी बरसात! मार्च की शुरुआत के साथ देशभर में मौसम का मिलाजुला रंग देखने को मिला है। जहां होली के बाद से धूप ने लोगों को सताया तो वहीं, उसके थोड़े ही दिन बाद बारिश-आंधी, आकाशीय बिजली (ठनका) और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आईं। मौसम के इस रुख से इससे किसानों का काफी नुकसान हुआ। अब जब अप्रैल आ गया है तो हर किसी के मन में यह सवाल है कि भाई इस महीने का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम प्रणालियों की बात करें तो, निम्न क्षोभमंडलीय स्तर पर दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के आसपास तथा पूर्वी बिहार क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) सक्रिय हैं। इसके अलावा, झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से गुजरते हुए पूर्वी बिहार से लेकर उत्तरी मध्य महाराष्ट्र तक एक ट्रफ (गर्त) बना हुआ है। इसी तरह, निचले स्तरों पर तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों से उत्तर आंतरिक कर्नाटक तक भी एक गर्त फैला हुआ है, जबकि मध्य असम के ऊपर भी चक्रवाती परिसंचरण की स्थिति बनी हुई है। वहीं, IMD का कहना है कि, 7 अप्रैल 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में आइए जानें, 1 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 के बीच मौसम कैसा रहेगा?

क्या है मौसम विभाग का पूर्वानुमान?

अप्रैल की शुरुआत में मौसम देश के कई हिस्सों में सक्रिय बना रहेगा। 02 से 05 अप्रैल के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी, जबकि 03 और 04 अप्रैल को इसकी तीव्रता अधिक रहने के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है। 03 अप्रैल को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इसी अवधि में मध्य भारत में भी 06 अप्रैल तक गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं, जबकि 03 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर ओले गिर सकते हैं। इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में दिन का तापमान सामान्य या उससे नीचे बना रह सकता है।

बारिश-बर्फबारी की संभावना

उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में 01 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद 03 से 07 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। 03 और 04 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी गरज-चमक, तेज हवाएं (40-60 किमी/घंटा) और बारिश देखने को मिल सकती है। 04 और 05 अप्रैल को पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है, जहां हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसी दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की आशंका है, जबकि 03 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी बारिश भी संभव है।

बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में 01 से 05 अप्रैल के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य राज्यों में व्यापक रूप से बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की भी संभावना है। पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अलग-अलग दिनों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जबकि सिक्किम में 01 अप्रैल को भारी वर्षा के आसार हैं।

मध्य भारत अगले 5 दिनों का मौसम

मध्य भारत में अगले 5 दिनों तक छिटपुट स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। 01 से 03 अप्रैल के बीच मध्य प्रदेश और विदर्भ में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। पश्चिम भारत के राज्यों जैसे महाराष्ट्र और गुजरात में 01 से 04 अप्रैल के बीच बारिश, तेज हवाएं और आंधी का दौर बना रह सकता है, जहां कुछ इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओले भी गिर सकते हैं।

दक्षिण भारत राज्यों में कुछ ऐसा रहेगा मौसम

दक्षिण भारत में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में अलग-अलग दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जबकि 03 से 05 अप्रैल के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 04 और 05 अप्रैल को ओलावृष्टि भी संभव है। इसके अलावा, केरल, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 01 से 04 अप्रैल के बीच गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। कुल मिलाकर, देश के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल की शुरुआत बारिश, आंधी, बिजली और बदलते तापमान के साथ होने वाली है। IMD का कहना है कि, मौसम के ऐसे हालात 10 अप्रैल तक जारी रह सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

FAQs

अप्रैल के पहले 10 दिनों में मौसम कैसा रहेगा?

अप्रैल की शुरुआत में देशभर में मौसम सक्रिय रहेगा, जहां कई हिस्सों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं। यह बदलाव 10 अप्रैल तक जारी रहने की संभावना है।

क्या उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और ओलावृष्टि होगी?

किन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है?

क्या आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलेंगी?

क्या दक्षिण भारत में भी मौसम बदलेगा?

Nilesh DwivedI
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article