शहर

मुरादाबाद में बड़ा बुलडोजर एक्शन; हाईकोर्ट के आदेश के बाद मदरसे पर चला ध्वस्तीकरण अभियान

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद मदरसा जामिया अरबिया हयातुल उलूम के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने मझोला क्षेत्र में स्थित जमीन पर कब्जा लेकर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया।

Image

मुरादाबाद में बुलडोजर एक्शन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार को प्रशासन ने मदरसा जामिया अरबिया हयातुल उलूम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के आदेश के बाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने मझोला क्षेत्र में स्थित मदरसे की जमीन पर कब्जा लिया और इसके बाद वहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। योगी सरकार की ओर से की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, पांच बुलडोजर लगातार अवैध निर्माण को हटाने में लगे रहे और पूरे क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

1980 में हुई थी मदरसे की स्थापना

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला करीब ढाई दशक से अदालत में विचाराधीन था। यह विवाद गाटा संख्या 498, 499 और 500 वाली भूमि से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 1980 में इस मदरसे की स्थापना की गई थी, लेकिन बाद में जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद शुरू हो गया। यह मामला उस समय की कांग्रेस सरकार के दौरान चर्चा में आया था। इसके खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक याचिका भी दाखिल की गई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था।

2005 में अदालत ने याचिका को किया खारिज

प्रशासनिक रिकॉर्ड के अनुसार, साल 2000 में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) को संबंधित भूमि पर कब्जा मिल चुका था। इसके बाद 2004 में मदरसा कमेटी की ओर से हाईकोर्ट में अपील दायर की गई। हालांकि, 2005 में अदालत ने इस याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद मामला एमडीए के समक्ष अनुमोदन के लिए रखा गया, लेकिन वर्ष 2007 में इसे भी निरस्त कर दिया गया। इसके पश्चात विवाद फिर से न्यायालय पहुंचा और लंबे समय तक चले कानूनी संघर्ष के बाद हाल ही में हाईकोर्ट ने मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के पक्ष में फैसला सुनाया।

10 एकड़ भूमि पर प्राधिकरण ने कब्जा लिया

हाईकोर्ट के आदेश के पालन में शनिवार को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) की टीम पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि लगभग 10 एकड़ भूमि पर प्राधिकरण ने कब्जा लिया है। इस कार्रवाई के लिए मौके पर कुल 5 बुलडोजर लगाए गए हैं, जिनकी मदद से अवैध निर्माण हटाया गया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न फैल सके। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह न्यायालय के आदेशों के अनुरूप की जा रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article