नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से लौट रहे दो नाबालिगों के साथ कथित मारपीट के मामले में आरोपी सत्यम पंडित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को विधायक कुलदीप कुमार के साथ डीसीपी को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अब तक दिल्ली पुलिस शिकायत नहीं मिलने की बात कह रही थी, लेकिन लिखित शिकायत दिए जाने के बाद पुलिस के पास कार्रवाई न करने का कोई बहाना नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में सत्यम पंडित ने जंतर-मंतर से लौट रहे उत्तर प्रदेश के बरेली के दो नाबालिग लड़कों को रोककर उनके साथ मारपीट की,अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धर्म के नाम पर नफरत फैलाने की कोशिश की। उन्होंने यह भी दावा किया कि पीड़ितों के अनुसार आरोपियों के पास हथियार भी हो सकते थे।
आप नेता ने कहा कि वायरल वीडियो सामने आने के बावजूद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज नहीं की। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में पुलिस बिना औपचारिक शिकायत के भी कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने बताया कि शिकायत में दोनों पीड़ितों और आरोपी का नाम दर्ज कराया गया है तथा डीसीपी ने कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है। भारद्वाज ने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी अदालत का रुख करेगी।
सौरभ भारद्वाज ने 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल की भी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि फायरिंग का आदेश किस अधिकारी ने दिया और घटना की जानकारी कई दिनों तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई।
वहीं, विधायक कुलदीप कुमार ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं समाज में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश हैं और पुलिस को मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
