LIVE
शहरों के मुख्य समाचार, 28 मई 2024 Highlights: हावड़ा में पटरी से उतरी लोकल ट्रेन, दिल्ली में DTC बस ने दूसरी बस को मारी टक्कर
शहरों के मुख्य समाचार, 28 मई 2024 Highlights: हावड़ा में पटरी से उतरी लोकल ट्रेन, दिल्ली में DTC बस ने दूसरी बस को मारी टक्कर
MAY 28, 2024 20:36 IST
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में 6.30 करोड़ रुपये की शराब जब्त
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में अलग-अलग घटनाओं में पुलिस और आबकारी अधिकारियों ने दस ट्रकों से करीब 6.30 करोड़ रुपये मूल्य शराब जब्त की है। इस शराब को अवैध रूप से गुजरात और दमन और दीव ले जाया जा रहा था। इसे परिवहन के दौरान जब्त कर लिया गया।
MAY 28, 2024 19:45 IST
तेलंगाना में अंतरराज्यीय बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 11 लोग गिरफ्तार
हैदराबाद में अंतरराज्यीय बाल तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर 13 बच्चों को मुक्त कराया गया, जबकि 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
MAY 28, 2024 18:56 IST
छत्तीसगढ़ के धमतरी में दो लड़कियों की मौत
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तालाब में डूबने से दो लड़कियों की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अर्जुनी थाना क्षेत्र के पीपरछेड़ी गांव में तालाब में नहाने गई 12 वर्ष की दो बालिकाओं-- दीपाली यादव और ओमलता यादव की डूबने से मौत हो गई।
MAY 28, 2024 18:25 IST
लखनऊ में पूर्व आईएएस की पत्नी की हत्या मामले में तीन गिरफ्तार
लखनऊ में पूर्व आईएएस की पत्नी की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में उसके 13 साल पुराने ड्राइवर और उसके भाई समेत एक अन्य शामिल थे। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीनों को गिरफ्तार किया है।
MAY 28, 2024 17:29 IST
नागपुर में पुलिस ने भेष बदलकर पब और बार पर की छापेमारी
पुणे कार दुर्घटना के मद्देनजर महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी पहचान छिपाकर शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार पर छापा मारा। नागपुर पुलिस ने पुणे में कार दुर्घटना के बाद यह कार्रवाई की।
MAY 28, 2024 16:09 IST
नागपुर में पुलिस ने भेष बदलकर पब और बार पर छापा मारा
पुणे कार दुर्घटना के मद्देनजर महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अपनी पहचान छिपाकर शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले पब और बार पर छापा मारा। उन्होंने बताया कि नागपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने रविवार रात पब, बार और क्लब पर छापा मारा और महाराष्ट्र निषेध अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने वालों का पता लगाया। नागपुर पुलिस ने पुणे में कार दुर्घटना के बाद यह कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त डॉ. रविंदर सिंघल ने बताया कि अधिकारियों के निष्कर्षों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत उल्लंघन के लिए पब और क्लबों के प्रबंधन को नोटिस जारी किये जाएंगे।
MAY 28, 2024 15:27 IST
बलरामपुर में गर्भवती युवती की गला रेतकर हत्या
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक गर्भवती युवती की कथित तौर पर गला रेतकर हत्या करने के लिए पति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि तुलसीपुर थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव में सोमवार को गन्ने के एक खेत में एक गर्भवती युवती का शव पाया गया। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान इंद्रा (22) के रूप में हुई है, जिसकी धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की गई थी। अधिकारी ने बताया कि इंद्रा का पति गब्बर उसे नया मोबाइल फोन दिलाने के बहाने बुलाकर अपने साथ रविवार को मोटरसाइकिल से ले गया था और सोमवार को इंद्रा का शव सोनपुर गांव के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला।
MAY 28, 2024 14:07 IST
दिल्ली के पश्चिम विहार में आंख के एक अस्पताल में लगी आग
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में आंखों के एक निजी अस्पताल में मंगलवार को आग लग गयी। उन्होंने बताया कि लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 11.35 बजे घटना के संबंध में फोन पर जानकारी मिली। यह आग ‘आई मंत्रा हॉस्पिटल’ की दूसरी मंजिल पर लगी थी।उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की छह गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए भेजा गया है और आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।
MAY 28, 2024 14:06 IST
ठाणे में नाबालिग लड़की की गला दबाकर हत्या
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की की कथित रूप से गला दबाकर और फिर चाकू मारकर हत्या करने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, लड़की का शव चार दिन पहले एक चॉल से बरामद किया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि 24 मई की रात को कोलशेत क्षेत्र के तरीचा पाड़ा इलाके में स्थित एक चॉल के कमरे से तेजस्विनी मनोज रजाक का शव बरामद किया गया था।
MAY 28, 2024 12:22 IST
हावड़ा में पटरी से उतरी लोकल ट्रेन
पूर्व रेलवे के हावड़ा बर्दवान मेन शाखा के लिलुआ स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक लोकल ट्रेन पटरी से उतर गई। जिसके कारण डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया. रेन को पुनः पटरी पर लाने का काम चल रहा है।
MAY 28, 2024 11:24 IST
गाजियाबाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में बदमाश घायल
गाजियाबाद पुलिस और एक झपटमार के बीच 28 मई की तड़के मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ मेें घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, तमंचा और लूट का माल बरामद हुआ। उसकी पहचान फैजान उर्फ अट्ठे (23) निवासी मुस्तफाबाद, दिल्ली के रूप में हुई। आरोपी कई दिनों से गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में लूटपाट और स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दे रहा था।
MAY 28, 2024 11:17 IST
केरल तट पर नाव पलटने से एक मछुआरे की मौत
केरल के तिरुवनंतपुरम में मुथालापोज्ही के तट पर मंगलवार को समुद्र में ऊंची ज्वारीय लहरों के कारण नाव पलटने से एक मछुआरे की मौत हो गई। अब्राहम (57) एंचूथेंगू के लाइटहाउस इलाके का निवासी था। पुलिस के अनुसार, यह घटना आज तड़के हुई जब अब्राहम और तीन अन्य मछुआरे मछली पकड़कर समुद्र के किनारे पर लौट रहे थे। उसने बताया कि उन्हें पास के तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन अब्राहम की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने बताया कि अन्य का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
MAY 28, 2024 10:20 IST
दिल्ली में डीटीसी बस ने दूसरी बस को मारी टक्कर
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस ने मंगलवार को सुबह यहां नौरोजी नगर में एक अन्य बस को पीछे से टक्कर मार दी जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब डीटीसी की एक बस दूसरी बस से आगे निकलने की होड़ में थी। उन्होंने बताया कि बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस ने दूसरी बस को पीछे से टक्कर मार दी।
MAY 28, 2024 09:05 IST
दिल्ली एयरपोर्ट पर वाराणसी जाने वाली फ्लाइट में बम होने की धमकी
दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से वाराणसी के लिए उड़ान भरने वाले ‘इंडिगो’ के एक विमान में बम होने की मंगलवार सुबह धमकी मिली जिसके बाद प्राधिकारियों ने यात्रियों को तत्काल बाहर निकाला और तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह धमकी सुबह करीब साढ़े पांच बजे उस समय मिली जब विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।उन्होंने बताया कि विमान में सवार यात्रियों को आपातकालीन निकास द्वारों से बाहर निकाला गया।
MAY 28, 2024 09:04 IST
मुंबई में औद्योगिक परिसर में आग लगने से छह लोग झुलसे
मुंबई के धारावी झुग्गी-बस्ती इलाके में स्थित एक औद्योगिक परिसर में मंगलवार को आग लगने से कम से कम छह लोग झुलस गए। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को पास के सायन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इन लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि धारावी इलाके के काला किला में स्थित अशोक मिल परिसर में तीन मंजिला और चार मंजिला इमारतों में तड़के करीब पौने चार बजे आग लगी थी।
MAY 28, 2024 07:57 IST
गुरुग्राम में मानव तस्करी के आरोप में सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर' गिरफ्तार
विवादों में रहने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बॉबी कटारिया को मानव तस्करी के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। दो लोगों ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया और दावा किया कि कटारिया ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे चार लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है। फतेहपुर के मूल निवासी अरुण कुमार और उत्तर प्रदेश के धौलाना निवासी मनीष तोमर द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार उन्होंने इंस्टाग्राम पर विदेश में काम देने से संबंधित एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ और यूट्यूब पर कटारिया के आधिकारिक खाते से पोस्ट किया गया था।
MAY 28, 2024 07:06 IST
मेरठ में सपा विधायक अंसारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सड़क जाम करने से जुड़े एक पुराने मामले में मेरठ शहर से समाजवादी पार्टी(सपा) के विधायक रफीक अंसारी को सोमवार को मेरठ जिले की नौचंदी थाना पुलिस ने बाराबंकी के जैदपुर इलाके से गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि विधायक को सड़क मार्ग से सोमवार देर शाम मेरठ लाया गया। पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि अंसारी पिछले कई दिनों से लापता थे। उनके खिलाफ 1995 में जिले के सिविल लाइंस थाने में जाम लगाने और तोड़फोड़ के एक मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। सिंह ने बताया कि पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। अंसारी के खिलाफ अदालत से कई गैर जमानती वारंट जारी हुए, बावजूद इसके वह अदालत में पेश नहीं हुए।
MAY 28, 2024 05:51 IST
MAY 28, 2024 05:48 IST
बिश्नोई गिरोह के दो गुर्गों को पंजाब पुलिस ने किया गिरफ्तार
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो गुर्गों को राजपुरा से गिरफ्तार किया गया है। पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरोह के दोनों गुर्गों की पहचान पंजाब के एसएएस नगर जिले के जीरकपुर निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ लाडी और सुबीर सिंह उर्फ सुबी के रूप में हुई है। लाडी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और हथियार से संबंधित करीब छह आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि सुबी के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
MAY 28, 2024 05:48 IST
ग्वालियर में रस्सियों से बांधकर व्यक्ति को पीटा
ग्वालियर में एक व्यक्ति को रस्सियों से बांधकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति को उस वक्त पीटा गया जब वह कथित तौर पर एक विवाहित महिला से मिलने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक महिला के साथ उसका कथित तौर पर प्रेम संबंध है। पुलिस ने बताया कि 25 मई को देवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। महिला की भी पिटाई की गयी थी।
