शहर

Dhanbad: मैथन डैम में डूबे तीन युवक, डूबता देख भागे दोस्त; 2 डेडबॉडी बरामद

झारखंड के धनबाद स्थित मैथन डैम में नहाने के दौरान तीन युवक डूब गये। उनमें से दो के शव बाहर निकाल लिए गए हैं, जबकि एक युवक अभी भी लापता है।

Image

Dhanbad: मैथन डैम में डूबे तीन युवक, डूबता देख भागे दोस्त; 2 डेडबॉडी बरामद

धनबाद: जिले के मैथन डैम में नहाने के दौरान तीन युवक डूब गए। इनमें से दो के शव बाहर निकाल लिए गए हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। तीनों धनबाद के बरमसिया और नया बाजार इलाके के रहने वाले थे। बताया गया कि धनबाद के छह युवकों का समूह बुधवार को मैथन डैम घूमने गया था। शाम के वक्त सभी लोग डैम में नहाने उतरे। इनमें से तीन गहराई की ओर चले गए और वहां से बाहर नहीं आ सके। इन्हें डूबता देख बाकी तीन दोस्त वहां से भाग गए। उन्होंने डर के मारे किसी को कोई जानकारी नहीं दी। शाम के बाद जब युवक घर नहीं लौटे, तो उनके घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की, तो उनके दोस्तों ने घटना की जानकारी दी।

दो युवकों के शव बाहर निकाले गए

इसके बाद रात नौ बजे उनकी तलाश शुरू हुई, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। स्थानीय प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद गुरुवार तड़के नावों के साथ गोताखाेर युवकों की तलाश में लगाए गए। करीब चार घंटे बाद दो युवकों के शव बाहर निकाले गए। इनमें युवराज सिंह और जैद हुसैन शामिल हैं। एक अन्य युवक नवाब गद्दी का अब तक पता नहीं चल पाया है।

युवकों के शव बाहर आते ही परिजनों के चित्कार से माहौल कारुणिक हो उठा। दो युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भेजे गए हैं। मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन, अंचलाधिकारी कृष्ण मरांडी के अलावा सीआईएसएफ के जवान और स्थानीय लोग बुधवार रात से ही डैम में युवकों की तलाश में जुटे रहे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article