शहर

झारखंड की वोटर लिस्ट में बड़ा खेल? सूची में 3 अफगानी नागरिकों की एंट्री; SIR के दौरान खुला राज

झारखंड में SIR के दौरान जमशेदपुर की मतदाता सूची में तीन संदिग्ध अफगान नागरिकों के नाम सामने आए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जांच समिति गठित की है। पासपोर्ट सत्यापन में एक पासपोर्ट रद्द मिला, जबकि दो की जांच जारी है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

जमशेदपुर : झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जमशेदपुर की मतदाता सूची में तीन अफगान नागरिकों के नाम कथित तौर पर दर्ज कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जांच के लिए एक समिति गठित की है। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि SIR के तहत प्राप्त गणना प्रपत्रों के सत्यापन के दौरान तीन ऐसे मामले सामने आए, जिनमें संदिग्ध अफगान नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज पाए गए। अब यह जांच की जा रही है कि उनके नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कैसे शामिल हुए और इसके लिए कथित तौर पर कौन से फर्जी दस्तावेज जमा किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन लोगों ने मतदाता सूची में किस व्यक्ति को अपना रिश्तेदार बताया था। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित फर्जीवाड़ा किस तरह किया गया और क्या इसमें आरोपी अकेले शामिल थे या किसी अन्य व्यक्ति की मिलीभगत थी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीनों अफगानिस्तान के नागरिक

पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि सत्यापन के दौरान तीनों के पासपोर्ट जांच के लिए पासपोर्ट कार्यालय भेजे गए थे। अधिकारियों को संदेह हुआ कि तीनों अफगानिस्तान के नागरिक हैं। इनमें से एक का पासपोर्ट रद्द किया जा चुका है, जबकि बाकी दो के पासपोर्ट को लेकर प्रक्रिया जारी है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया केवल भारतीय नागरिकों के लिए है। वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने या फर्जी दस्तावेज पाए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

गौरतलब है कि निर्वाचन आयोग ने 5 अगस्त को झारखंड की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की थी। SIR प्रक्रिया से पहले राज्य में करीब 2.64 करोड़ मतदाता थे, जबकि ड्राफ्ट सूची में 2.21 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इस दौरान 43.61 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं। SIR के तहत गणना प्रक्रिया 30 जून से 29 जुलाई तक चली थी। अब दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है, जबकि संशोधित अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया जाएगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article