शहर

त्योहारों पर नहीं होगी टिकट की मारामारी, रेलवे चलाएगा 12000 स्पेशल ट्रेनें, 4 अमृत भारत भी चलेंगी

त्योहारों के मौसम में भारतीय रेलवे में टिकट मिलना जैकपॉट लगने से कम नहीं है। लेकिन इस बार आपको कंफर्म टिकट मिलेगी, ये कहना है रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का। त्योहारों के मौसम में इस बर 12000 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा रेल मंत्री ने कर दी है।

Image

त्योहारों के अवसर पर चलेंगी 12000 स्पेशल ट्रेनें (फोटो - PTI)

Photo : PTI

जन्माष्टमी के साथ देश में त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है। अब एक के बाद एक गणेश पूजा से लेकर नवरात्र, दिवाली, छट जैसे कई त्योहारों के चलते देश में हर्षोल्लास का माहौल रहेगा। ऐसे में त्योहारों के अवसर पर हर कोई अपने-अपने घर जाना चाहता है। हर किसी की हसरत होती है कि त्योहार अपनों के बीच मनाए। इतने बड़े देश में इतनी बड़ी जनसंख्या जब त्योहारों के मौसम में अपने-अपने घर जाती है तो रेलवे की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। रेल मंत्री ने त्योहारी सीजन के लिए 12000 विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कल यानी बुधवार 20 अगस्त को इस संबंध में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि दिवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के अवसर पर 12 हजार विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। जाहिर है इस निर्णय का उद्देश्य त्योहारों के दौरान भारी भीड़ के बीच यात्रियों को होने वाली असुविधा से बचाना है।

इसके साथ ही रेल मंत्री ने बताया कि चार अमृत भारत ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी, जो दिल्ली से गया, सहरसा से अमृतसर, छपरा से दिल्ली और मुजफ्फरपुर से हैदराबाद को जोड़ेंगी। इसके अलावा, पुर्णिया और पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन भी चलाई जाएगी।

रेल मंत्री ने बताया कि 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक रेल यात्रा करने वाले और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच लौटने वाले यात्रियों को इस बार कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। यही नहीं, वापसी की यात्रा पर उन्हें बेसिक टिकट फेयर में 20 फीसद छूट भी दी जाएगी। यह योजना त्योहारी सीजन में खासतौर पर चलाई जा रही है।

अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि वैशाली से कोडरमा तक विशेष बुद्ध सर्किट ट्रेन चलाई जाएगी, जो भगवान बुद्ध से जुड़े प्रमुख धरोहर स्थलों को जोड़ेगी। इस ट्रेन का रूट नालंदा और राजगीर जैसे ऐतिहासिक स्थलों से भी होकर गुजरेगा।

इसके साथ ही, पटना के लिए रिंग रेलवे परियोजना और बिहार में ढांचागत विकास की कई योजनाओं की भी घोषणा की गई है। इसमें फुट ओवरब्रिज, फुट-अंडरब्रिज, बक्सर से लखीसराय के बीच तीसरी और चौथी लाइन के साथ ही सुल्तानगंज से देवघर तक नई रेल कनेक्टिविटी शामिल है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article